Move to Jagran APP

Meerut Lockdown Day 12: कंट्रोल रूम नहीं सुन रहा..जनता परेशान, जमीनी हकीकत से आप भी हों रू-ब-रू Meerut News

Meerut Lockdown Day 12 शहर में सर्वाधिक परेशानियां राशन को लेकर हैं। लोगों के घरों में राशन नहीं है और कंट्रोल रूम पर फोन करने पर भी जरूरतमंदों की सुनवाई तक नहीं हो पा रही है।

By Prem BhattEdited By: Published: Sun, 05 Apr 2020 05:00 PM (IST)Updated: Sun, 05 Apr 2020 05:00 PM (IST)
Meerut Lockdown Day 12: कंट्रोल रूम नहीं सुन रहा..जनता परेशान, जमीनी हकीकत से आप भी हों रू-ब-रू Meerut News
Meerut Lockdown Day 12: कंट्रोल रूम नहीं सुन रहा..जनता परेशान, जमीनी हकीकत से आप भी हों रू-ब-रू Meerut News

मेरठ, जेएनएन। Meerut Lockdown Day 12 सरकार ने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को राशन मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सरकारी हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायतें सुनने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। अफसर हर हाल में लोगों की समस्याओं के निदान का दावा कर रहे हैं। हालांकि जमीनी हकीकत बेहद जुदा है।

loksabha election banner

नहीं हो पा रही सुनवाई

दैनिक जागरण ने आगे बढ़कर आम लोगों की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाकर निदान कराने का जिम्मा भी उठाया है। समस्याएं सुनने के लिए दो मोबाइल नंबर जारी किए हैं। शनिवार को इन नंबरों पर बड़ी संख्या में शिकायतें आईं। सर्वाधिक परेशानियां राशन को लेकर हैं। लोगों के घरों में राशन नहीं है और कंट्रोल रूम पर फोन करने पर भी जरूरतमंदों की सुनवाई तक नहीं हो पा रही है।

राशन की परेशानी लोगों की जुबानी..

-भगवती कुंज से अमित गोयल बोल रहा हूं। मेरे घर में राशन समाप्त हो गया है। 112 नंबर पर कॉल की थी। मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

-लालकुर्ती से बबीता का कहना है कि वह राशन लेने गई थी लेकिन वापस कर दिया गया। बताया गया कि राशन कार्ड ई-पोश मशीन में स्कैन नहीं हो पा रहा है। घर में राशन नहीं है।

-मोहनपुरी निवासी मुन्नी देवी का कहना है कि राशन कार्ड से नाम ही काट दिए गए हैं। परिवार में छह सदस्य हैं। राशन नहीं हैं। पैसे भी खत्म हो गए हैं। कैसे घर चलाएंगें और पेट पालेंगे। 112 पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

-कंकरखेड़ा नई गोविंदपुरी से रंजना बोल रही हूं। मेरा नाम राशन कार्ड से कट गया है। राशन की दुकान पर गई थी, जहां से यह कहकर वापस कर दिया कि कार्ड दोबारा बनेगा। कंट्रोल रूम से भी समाधान नहीं हो रहा है।

-गढ़ रोड मुरलीपुर निवासी मिंकू सैनी ने बताया कि राशन लेने सरकारी गल्ले की दुकान गया था। 13 मार्च को रसीद मिली थी, लेकिन दुकानदार ने यह कह कर वापस कर दिया कि तीन माह बाद राशन मिलेगा।

-जाग्रति विहार सेक्टर आठ निवासी महेश गुप्ता ने बताया कि राशन डीलर पूरा राशन नहीं दे रहा है। परिवार में छह सदस्य हैं लेकिन दो सदस्यों के नाम गायब कर दिए गए हैं। यह समस्या दूसरे लोगों के साथ भी है।

सफाई और सैनिटाइजेशन की शिकायत भी

-गोपाल विहार निवासी महेश कुमार ने बताया कि आनंद हॉस्पिटल के पास कालोनी की नालियां जाम है। सफाई नहीं हो रही है। नगर निगम से कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं हुआ।

-रघुकुल विहार टीपी नगर से सुषमा कुमारी ने बताया कि नालियां चोक हैं। सड़क पर पानी भर रहा है। कोरोना वायरस के प्रकोप में भी नगर निगम सफाई नहीं कर रहा है। कहने पर भी सफाई कर्मी नहीं आते।

-लोहियानगर सी पॉकेट में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। शिकायत करते हुए अरुणा त्यागी ने कहा कि सैनिटाइजर भी नहीं हुआ है। कोरोना के प्रकोप से कैसे बचेंगे। नगर निगम शिकायत सुनने को तैयार नहीं है।

-प्रेम नगर कंकरखेड़ा से गोयल बोल रहा हूं। राशन खत्म हो गया है। 112 नंबर पर कॉल किया था, लेकिन किसी ने रिसीव तक नहीं किया। परिवार का भरण-पोषण कैसे संभव होगा। बच्चे भूखे सो रहे हैं।

-सूरजकुंड गांधी नगर से पंकज सैनी बोल रहा हूं। मीरा गैस एजेंसी से दो दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन आज तक डिलीवरी देने कोई नहीं आया। गैस खत्म हो गई है।

आई कॉल और इनकी हुई मदद

परतापुर द अध्ययन स्कूल के पास रहने वाली जामवंती देवी ने दैनिक जागरण को कॉल की। उन्होंने बताया कि मेरे बच्चे भूखे हैं। घर में राशन नहीं है। गूमी गांव निवासी गौरव चपराना की टीम फौरन उनके घर पहुंची। भोजन के पैकेट दिए। बच्चों को भोजन कराया। शाम को जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने राशन भिजवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि लॉकडाउन तक भोजन मिलता रहेगा। मदद पाकर पूरा परिवार खुश हो गया। वहीं दिल्ली रोड चुंगी के पास इलाहाबाद बैंक के ऊपर हॉस्टल में रह रहे छह लोगों ने दैनिक जागरण को बताया कि उनके पास पैसे नहीं है। राशन भी नहीं है। भोजन कैसे करेंगे। बात नगर निगम तक पहुंची। एक टीम उनके पास भोजन के पैकेट लेकर पहुंची। तब जाकर उनकी भूख मिटी। निगम अफसरों ने बताया कि लोगों को लॉकडाउन तक भोजन मिलता रहेगा।

इनका कहना है

सफाई और सैनिटाइजेशन के संबंध में जो समस्याएं आ रही हैं, उनका समाधान सफाई निरीक्षकों से कराया जा रहा है। सैनिटाइजेशन के लिए वार्ड वार प्लान बना दिया गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।

- डॉ. अरविंद चौरसिया नगर आयुक्त

राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के नाम कटे हैं। फीड करने में गलती हुई हैं। लोगों से कहा गया है कि वे आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा कर दें, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके। राशन वितरण में जहां से भी खामियां मिली रही हैं, संबंधित राशन डीलर से जवाब तलब किया जा रहा है। शिकायतों के निराकरण के लिए टीम गठित की है।

- नीरज सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी

जागरण को फोन घुमाइए

अगर आपको कोई समस्या है या कोई कीमत से अधिक पैसे ले रहा तो हेल्पलाइन 112 के साथ ही दैनिक जागरण के सहयोगियों को भी फोन कर सकते हैं। कृपया फोन दोपहर 12 से एक बजे के बीच ही करें।

फोन नंबर : 9760278831 8827174319 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.