सहारनपुर में सोमवार को मिले 195 नए कोरोना पाजिटिव, 27 हजार ने लगवाया टीका
सहारनपुर में सोमवार को भी जिले में 195 कोरोना के नए केस मिले हैं। अब कोरोना के 195 केस जिले में है सक्रिय। नानौता क्षेत्र के अधिक मिले केस एक स्कूल का स्टाफ भी। 435 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चल रहा है।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। जिले में कोरोना की तीसरी लहर चल रही है। वैसे तो घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इस बार जिला प्रशासन की कोरोना से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। केवल लोगों को नियमों का पालन करना है। सोमवार को भी जिले में 195 कोरोना के केस मिले हैं। अब सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 1995 हो गई है।
वहीं, 27 हजार 261 लोगों ने कोरोना का टीका भी लगवाया है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि रोजाना 100 से अधिक कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। इसलिए लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए। बिना मास्क के अपने घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। शारीरिक दूरी का पालन करना चाहिए। उन्होंने अपील की है कि लोग अपनी इम्यूनिटी का भी ख्याल रखे। डीएम ने बताया कि जिले में इस बार आक्सीजन, अस्पताल और डाक्टरों की कमी नहीं है। इसलिए लोग अपना चेकअप कराए। घबराए नहीं। उन्होंने बताया कि रोजाना पांच हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है। जिले में दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वालों की भी आमिक्रान जांच की जा रही है। कचहरी में केस मिलने पर लगी पाबंदीअदालत के कई कर्मचारियों के पाजिटिव आने के बाद सोमवार को कम संख्या में लोगों को अंदर जाने दिया गया। पुलिस ने अधिकतर लोगों को बाहर गेट पर ही रोक लिया। ताकि शारीरिक दूरी का पालन कराया जा सके। इसके अलावा कचहरी में पिछले दो दिनों से सैनिटाइजेशन अभियान भी चलाया जा रहा था।
435 केंद्रों पर चला टीकाकरण अभियान
जिला टीकाकरण अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि जिले में 435 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। यहां पर 48 हजार 400 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था। जिसमें से 27 हजार 261 लोगों को टीका लगाया गया। 15 से 18 वर्ष के 3544 किशोरों ने टीका लगवाया तो बूस्टर डोज लेने वालों की संख्या 810 रही।
आज लगाए गए टीकों की संख्या : 27261अब तक लगाए टीकों की संख्या : 3600734