अंडरपास और एप्रोच मार्ग के दूसरे भाग का भी निर्माण शुरू
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के लिए परतापुर तिराहे के पास बन रहे इंटरचेंज का काम तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में तिराहे पर निर्माणाधीन अंडरपास के दूसरे भाग का निर्माण कार्य भी शनिवार से शुरू हो गया है।
मेरठ, जेएनएन : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के लिए परतापुर तिराहे के पास बन रहे इंटरचेंज का काम तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में तिराहे पर निर्माणाधीन अंडरपास के दूसरे भाग का निर्माण कार्य भी शनिवार से शुरू हो गया है। वहीं, ओवरब्रिज के पास बन रहे एप्रोच मार्ग के भी दूसरे भाग के लिए भी मिट्टी भराव का काम तेजी से शुरू हो गया है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का आखिरी प्वाइंट परतापुर है। परतापुर तिराहे पर पहले से ही देहरादून बाईपास व मेरठ शहर की ओर से आने वाले वाहन मिलते हैं। इसी तरह मोदीनगर की ओर से आने वाले वाहन भी तिराहे पर ही बाईपास व शहर के लिए रास्ता बदलते हैं। ऐसे में हर तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को उसकी दिशा में सुरक्षित पहुंचाने के लिए इंटरचेंज बनाया जा रहा है। इस इंटरचेंज के लिए यहीं पर अंडरपास व ओवरब्रिज भी बनाए जा रहे हैं। इसी ओवरब्रिज के पास एक यू-टर्न भी बनेगा। इससे हर तरफ से आने-जाने वाले वाहन बिना किसी से टकराए और भटके अपनी दिशा में जा सकेंगे।
अंडरपास का एक भाग तैयार
परतापुर तिराहे पर पुलिस चौकी के पास बीच में अंडरपास बन रहा है। इसके नीचे मोदीनगर की साइड से आने वाले वाहन मेरठ शहर के अंदर जाने के लिए निकल जाएंगे। वहीं, इसके ऊपर से देहरादून की ओर से आने वाले वाहन आगे बढ़ेंगे। अंडरपास से आगे बढ़ते ही दो विकल्प मिलेंगे। पहला जिन्हें एक्सप्रेस-वे से होकर हापुड़ की ओर जाना होगा वे बाएं मुड़कर एक्सप्रेस-वे पर चले जाएंगे। दूसरा विकल्प होगा यू-टर्न। इससे देहरादून की ओर से आने वाले वाहन मेरठ शहर या मोदीनगर की ओर जाने के लिए नीचे उतरेंगे। इस अंडरपास का एक भाग तैयार हो गया है, जबकि इसके दूसरे भाग का निर्माण अब शुरू हुआ है। इसे एक महीने के अंदर पूरा करने का दावा इंजीनियर कर रहे हैं।
अब बात करते हैं एप्रोच मार्ग की। यह एप्रोच मार्ग परतापुर तिराहे से थोड़ा आगे निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए बन रहा है। इस एप्रोच मार्ग में दो भाग हैं। पहले भाग के लिए मिट्टी का भराव लगभग पूरा हो गया है। इस भाग से हापुड़ की ओर से आने वाले वाहन थोड़ा घुमाव लेकर दिल्ली रोड पर उतर जाएंगे। यहां से ये वाहन देहरादून की ओर जाएंगे या फिर मेरठ की ओर आसानी से जा सकेंगे। इसका दूसरा भाग बन रहा है यू-टर्न के लिए। देहरादून की ओर से आने वाले वाहन को ओवरब्रिज से यू-टर्न कराकर इसी भाग से नीचे उतार दिया जाएगा। एप्रोच मार्ग को पक्का करने को आई रोड़ी
एप्रोच मार्ग का पहला भाग लगभग तैयार हो गया है। अब इसे पक्का करने के लिए रोड़ी डाली जाएगी। तीन-चार ट्रक रोड़ी अभी से मंगवा ली गई है। जैसे ही कार्य शुरू होगा ये ट्रक निश्चित जगह पर रोड़ी गिरा देंगे।