मेरठ के लोकप्रिय अस्पताल में नशे का इंजेक्शन देकर महिला मरीज से दुष्कर्म
मेरठ में गढ़ रोड पर लोकप्रिय अस्पताल में कल रात महिला मरीज को नशे का इंजेक्शन लगाकर कंपाउंडर ने दुष्कर्म किया।
मेरठ (जेएनएन)। इलाज के लिए अस्पताल में आने वाली महिलाएं भी अब सुरक्षित नहीं हैं। मेरठ में कल रात महिला को नशे का इंजेक्शन देने के बाद कंपाउंडर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अस्पताल में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जांच पड़ताल की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मेरठ में गढ़ रोड पर लोकप्रिय अस्पताल में कल रात महिला मरीज को नशे का इंजेक्शन लगाकर कंपाउंडर ने दुष्कर्म किया। हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली रिटायर फौजी की पत्नी को कमर में दर्द की शिकायत थी। उसे 13 नवंबर को लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह महिला ने अपने परिवार के लोगों को बताया कि कल रात उसके कमरे में रिजवान नाम का एक कंपाउंडर आया। उसने रात करीब 11-12 बजे दर्द निवारक के नाम पर इंजेक्शन दिया। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। रात ढाई बजे होश आया तो उसे मामले का पता चला। महिला का आरोप है कि रिजवान ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया।
सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी शशि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के बयान लेने के बाद उसे डॉक्टरी के लिए भेजा। सपा युवजन सभा के छात्र अस्पताल पहुंच गए और मैनेजर हेमंत शर्मा और अन्य डॉक्टरों का घेराव कर मैनेजर के साथ मारपीट का प्रयास किया। छात्रों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना नहीं दी। थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित रिजवान को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, लोकप्रिय अस्पताल के मैनेजर हेमंत शर्मा का कहना है कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं।