सीएए से जुड़ी भ्रांति दूर करें कार्यकर्ता
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रत्याशी योंगेंद्रनाथ राय ने नागरिकता संशोधन कानून 2019 के बाबत मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रत्याशी योंगेंद्रनाथ राय ने नागरिकता संशोधन कानून 2019 के बाबत मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी। श्री राय ने भारत विभाजन के दौरान जिन्ना की टू नेशन थ्योरी से लेकर तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू एवं पाक के लियाकत अली के बीच दोनों देशों में रह गए अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के बाबत किए गए वायदे से लेकर आवश्यकता एवं वर्तमान में पाकिस्तान, बंगलादेश एवं अफगानिस्तान में हिदू, सिक्ख, ईसाई, बौद्ध, जैन एवं पारसी आदि के साथ हो धार्मिक भेदभाव की जानकारी दी। दो दिन पूर्व शादी के मंडप से जबरन अपहृत की गई हिदू युवती का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसे आवश्यक बताया।
कहा कि उक्त तीनों देशों में मुस्लिम बहुसंख्यक है। उसका उत्पीड़न नहीं होता है। ऐसे में इनको इस कानून में नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने इस कानून के प्रभावी होने से यहां रह रहे किसी भी वर्ग की नागरिकता एवं अधिकार पर कोई आंच नहीं आ रही। इसे लेकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। भारत विरोधी चंद तत्वों की मंशा भारत को अस्थिर करना चाहते हैं। उन्होंने इस कानून के लागू होने के बाद पाकिस्तान से आने वालों में सर्वाधिक संख्या अनुसूचित एवं पिछड़े वर्ग की बताते हुए कहा कि बिना समझे इस कानून का विरोध करने वालों से कार्यकर्ता बहस कर समझाएं। मंडल अध्यक्ष रवींद्र उपाध्याय, महामंत्री अतुल शर्मा, गिरिजापति राय, कृपाशंकर सिंह एवं जयप्रकाश सिंह ने भी प्रशिक्षण दिया। रामप्यारे प्रजापति, नागेंद्र सिंह, सरोज सिंह, कंवल गिरी, नरेंद्र चौहान, छात्रनेता उद्देश्य पांडेय, संजीव पांडेय, राजेंद्र राय मिठाई, विश्वनाथ विश्वकर्मा एवं कपिलदेव राजभर आदि उपस्थित थे।