दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर जमे रहे कोषागार कर्मी
प्रदेश के समस्त कोषागारों के लेखा संवर्ग में
जासं, मऊ : प्रदेश के समस्त कोषागारों के लेखा संवर्ग में 80:20 के अनुपात को समाप्त कर दिए जाने से नाराज कोषागार कर्मचारी संघ ने गुरुवार को भी विरोध दर्ज कराया। मेराज खालिद खां की अध्यक्षता में काली पट्टी बांधकर 3.00 से 5.00 बजे तक तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार एवं गेट मीटिग किया गया। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि किसी भी सूरत में सरकार के फैसले को कोषागार कर्मी स्वीकार नहीं करेंगे। कोषागार कर्मी विगत 33 वर्षाें से सरकार के अनेकों शासनादेशों के अनुसार 80:20 का लाभ प्राप्त कर रहे थे। इसे शासन द्वारा 31 जुलाई को शासनादेश निर्गत कर समाप्त कर दिया गया। इसके विरोध में कोषागार कर्मचारी संघ के आह्वान पर कोषागार कर्मचारी संघ द्वारा कार्य बहिष्कार किया गया। इसमें बाबूलाल मंत्री, वसीमुद्दीन सरंक्षक, राजीव कुमार गोंड, अबुजर अंसारी, संजय कुमार सिंह, राजेश सिंह, चंद्रमौलि मणि त्रिपाठी, प्रदीप कुमार, सत्येंद्र कुमार यादव आदि शामिल थे।