दूधिया रोशनी से नहाया पंडाल
जागरण संवाददाता मऊ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुरुवार को दुर्गापूजा के पंडाल भक्त्
जागरण संवाददाता, मऊ : शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुरुवार को दुर्गापूजा के पंडाल भक्तों से भरे रहे। हर तरफ बस मां की मूरत को निहारते लोग नजर आ रहे थे। उधर, देवी मां के दर्शन-पूजन को घर-घर से लोगों का कारवां निकला। सभी ने प्रतिमाओं के समक्ष शीष नवाकर सुख-समृद्धि एवं बाधाओं से मुक्ति का आशीष मांगा।
उधर, हर तरफ मां के गीतों की मानों झड़ी लगी थी। बोल सांझे दरबार क जय, प्यारा सजा है दरबार भवानी की गूंज हर किसी को भक्तिभाव से सराबोर कर दे रही थी। उधर तरह-तरह के झालरों की सजावट के बीच पूजा पंडालों में लोग भक्ति गीतों पर झूम उठे।
मऊनाथ भंजन में भव्य-पूजा पंडाल हिदी भवन में स्थापित होने के चलते सबसे अधिक भीड़ इसी क्षेत्र में लगी। इसके अलावा रेलवे क्लब घर, स्वदेशी काटन मिल, सदर चौक, मिर्जाहादीपुरा, भीटी चौक, अंधा मोड़, ढेकुलियाघाट मार्ग आदि स्थानों पर पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
शहर के अलावा कोपागंज एवं मुहम्मदाबाद गोहना में देवी जागरण कार्यक्रम के तहत भजन गायकों ने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर थिरकने पर विवश किया। उत्सवी अंदाज में दर्शन-पूजन एवं भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। कई स्थानों पर हाथों में डांडिया लिये लोग थिरकते नजर आए। इस दौरान बाजार भी सजे थे जिसमें लोगों ने तरह तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
जासं, रामपुर बेलौली (मऊ) : थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रखी गई दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए एसडीएम मधुबन रामभवन तिवारी, सीओ मधुबन अमित सिंह एवं थानाध्यक्ष राजकेशर सिंह ने गुरुवार को स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाहानाला स्थित बैरियाडीह पुल के अलावा अन्य जगहों का अवलोकन किया गया। इसमें एनजीटी के दिशा निर्देश के अनुसार ही विसर्जन करने के लिए आगाह किया।
सरयू पुल नहीं, राम घाट पर होगा प्रतिमा विसर्जन
दोहरीघाट (मऊ) : प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष सरयू नदी के पुल से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं होगा। गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने रामघाट का निरीक्षण किया और थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिया। किसी भी सूरत में पुल से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। सभी प्रतिमाओं का राम घाट पर विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था करें। उपद्रवियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें। रामघाट के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई को लेकर भी निर्देश दिया।