आज से 45 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदारी
जागरण संवाददाता मऊ जनपद में गुरुवार से धान खरीद शुरू हो रही है। इसे लेकर प्रशासन।
जागरण संवाददाता, मऊ : जनपद में गुरुवार से धान खरीद शुरू हो रही है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना है। सभी क्रय केंद्रों पर अलर्ट कर दिया गया है। किसी भी कीमत पर गुरुवार से खरीद शुरू कर देनी है। जनपद में कुल 50 हजार एमटी धान खरीद का लक्ष्य शासन की तरफ से निर्धारित किया गया है। इसके लिए 45 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। अब विभाग की वेबसाइट पर कुल 2204 किसानों ने अपना पंजीकरण करा लिया है। नोडल अधिकारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व केहरी सिंह ने जनपद के सभी एसडीएम को युद्धस्तर पर धान क्रय केंद्रों को सक्रिय करने का निर्देश दिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में धान की अच्छी खेती हुई है। अगेती धान की फसल कटने लगी है। अभी कुछ फसल अब पकने की ओर है। किसान युद्धस्तर पर धान की कटाई व पिटाई का कार्य कर रहे हैं। कुछ किसान धान को सुखा भी रहे हैं लेकिन अभी तक ज्यादातर धान किसान के खेतों में लहलहा रहे हैं। धान खरीद के लिए विभाग की तरफ से 15 अगस्त से ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके लिए समस्त पंजीकृत किसानों को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से पूर्व वर्ष का पंजीकरण प्रपत्र देखकर यथा आवश्यक संशोधन अथवा बिना संशोधन लॉक करने के लिए कहा गया था। अब तक दो हजार से अधिक किसानों ने अपना पंजीकरण करा लिया है। पंजीकरण के दौरान किसानों को अपनी खतौनी में अंकित होना जरूरी है। जनपद में क्रय केंद्र बनाए जाने की अंतिम तैयारी कर ली गई है। सभी क्रय केंद्रों की जीओ टैगिग कर दी गई है। किसानों को ऑनलाइन खरीददारी के लिए प्रेरित भी कर दिया गया है। 15 अक्टूबर से कोई भी किसान क्रय केंद्र पर अपना धान लाकर बेच सकता है।
-------------------------
पिछले वर्ष से आठ कम बने हैं केंद्र
मऊ : पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष धान खरीद के लिए आठ क्रय केंद्र कम बनाए गए हैं जबकि पिछले वर्ष 53 क्रय केंद्र बनाए गए थे। इस वर्ष 45 केंद्रों पर ही धान की खरीद की जाएगी। पिछले वर्ष 71 हजार एमटी धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित था। लक्ष्य के सापेक्ष 26637 एमटी धान की खरीद की गई थी। इस वर्ष लक्ष्य 50 हजार एमटी का किया गया है। पिछले वर्ष की अपेक्षा 21 हजार एमटी लक्ष्य भी कम है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह से लक्ष्य पूरा करने में जुटा हुआ है।
--------------------
किसानों की हर सुविधा के लिए क्रय केंद्र पर व्यवस्था की गई है। किसान धान को पूरी तरह से सूखा कर ही क्रय केंद्र पर पहुंचे। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। किसानों को हर संभव धान खरीद में सहयोग किया जाएगा। धान खरीद की धनराशि उनके खाते में सीधे भेज दी जाएगी।
--विपुल सिन्हा, डिप्टी आरएमओ।