मऊ में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, चाचा-भतीजे की हादसे में हुई मौत
मऊ के दोहरीघाट में आजमगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में ...और पढ़ें

मऊ में दर्दनाक सड़क हादसा, चाचा-भतीजे की मौत से परिवार में कोहराम।
HighLights
दोहरीघाट में तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई।
चाचा आयुष और भतीजे कुनाल की हादसे में मौत हुई।
परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया।
जागरण संवाददाता दोहरीघाट, (मऊ)। आजमगढ़ मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दोहरीघाट कस्बे के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। बाइक पर सवार चाचा और पांच वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
एक साथ दो मौतों की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पहुंची तो परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। पुलिस देर तक परिजनों को समझाने में जुटी रही। दोहरीघाट कस्बे के वार्ड नंबर एक खटीक टोला निवासी 30 वर्षीय आयुष चौहान पुत्र डॉ. घूरभारी चौहान शुक्रवार को अपने पांच वर्षीय भतीजे कुनाल चौहान पुत्र डॉ. मोतीचंद चौहान को लेकर नईबाजार की तरफ गया था। देर शाम दोनों बाइक से दोहरीघाट लौट रहे थे।
आजमगढ़ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक अनियंत्रित हुई बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयुष और कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात चाचा-भतीजे की मौत हो गई।
दोहरी मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। हादसे ने पूरे खटीक टोला को झकझोर दिया।शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम मृतकों के घर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। हालांकि परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की जिद के चलते काफी देर तक शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका। पुलिस टीम परिजनों को समझाने में लगी रही। थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौत हुई है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से मना कर रहे हैं। उन्हें समझाया जा रहा है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
