Move to Jagran APP

सपा, बसपा व कांग्रेस ने परिवारवाद के नाम पर देश को लूटा

मऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की शाम घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के प्रचार के लिए कोपागंज स्थित बापू इंटर कालेज की चु़नावी सभा में सपा बसपा व कांग्रेस को परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी बताया। कहा कि इन पार्टियां भ्रष्टाचार और अराजकता के नाम पर देश के अंदर लूट की खुली छूट दे दी थी।

By JagranEdited By: Published: Wed, 16 Oct 2019 08:39 PM (IST)Updated: Wed, 16 Oct 2019 08:39 PM (IST)
सपा, बसपा व कांग्रेस ने परिवारवाद के नाम पर देश को लूटा
सपा, बसपा व कांग्रेस ने परिवारवाद के नाम पर देश को लूटा

............

loksabha election banner

जागरण संवाददाता, मऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा, बसपा व कांग्रेस को परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी करार दिया। कहा कि इन पार्टियों ने अपने शासन काल में भ्रष्टाचार और अराजकता के नाम पर देश और प्रदेश के अंदर लूट की खुली छूट दे रखी थी। जबकि भाजपा के काल में प्रदेश प्रत्येक दिशा में आगे बढ़ रहा है, सरकार आमजन की समस्याओं को दूर करने में लगी है। वे बुधवार की शाम घोसी विधानसभा क्षेत्र के कोपागंज स्थित बापू इंटर कालेज के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। क्षेत्रीय विधायक रहे फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बन जाने के बाद रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी विजय राजभर को पार्टी और समाज के लिए समर्पित एक निष्ठावान कार्यकर्ता बताया।

निर्धारित समय से 1.37 घंटा विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने अपने 10 मिनट के संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर कहा कि अपराधियों में पूरी तरह कानून का खौफ है। वे या तो जेल के अंदर हैं या फिर जान की भीख मांग रहे हैं। प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी के कोई जगह नहीं है। बिना नाम लिए सुहेलदेव भासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि सुहेलदेव के नाम पर राजभर मतों का लूटने का काम किया गया। जबकि भाजपा ने ही महाराजा सुहेलदेव का समुचित सम्मान किया है। हमने बहराइच में मेडिकल कॉलेज की स्थापना ही महाराजा सुहेलदेव के नाम पर की है, जिसमें प्रवेश भी शुरू हो गया है। उन्होंने आवास, शौचालय, विधवा, वृद्धा व दिव्यांग पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का नाम लिया। कहा कि हर व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने सभा में उमड़ी भीड़ को देख कहा कि भाजपा प्रत्याशी को लेकर जो उत्साह यहां दिख रहा है, वह स्वागत योग्य है। यह केवल भाजपा में ही संभव है कि चाय वाला प्रधानमंत्री और सब्जी बेचने वाले का बेटा भी भावी विधायक हो सकता है। सीएम ने कहा कि भाजपा सामान्य परिवार से जुड़े लोगों का सम्मान करती है। सामान्य परिवार से जुड़े दारा सिंह चौहान, फागू चौहान, अनिल राजभर जैसे नेता उच्च और सम्मानजनक पदों को प्राप्त करते हैं। यह सरकार जनता की भलाई के लिए संकल्पित है। गांव व शहर का विकास कर रही है। सभा को लगभग आधा दर्जन मंत्रियों व एक दर्जन से अधिक विधायकों ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय व संचालन उपाध्यक्ष गनेश सिंह ने किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.