कौशल विकास को सभी जिलों में बनाए जाएंगे युवा एचवी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष जो बजट प्रस्तुत किया है वह कल्याणकारी है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए 1500 करोड़ रुपए बजट में आवंटित किए गए हैं।
जागरण संवाददाता, मऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष जो बजट प्रस्तुत किया है वह कल्याणकारी है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए 1500 करोड़ रुपए बजट में आवंटित किए गए हैं। इसमें कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के लिए प्रदेश के सभी जिलों में युवा एचवी बनाए जाएंगे। वर्ष 2020 में फिट यूथ फिट इंडिया जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। क्योंकि सरकार का मानना है कि देश का युवा यदि स्वस्थ रहेगा तो भारत स्वस्थ रहेगा। यह बातें उपाध्यक्ष युवा कल्याण प्रांतीय परिषद (समकक्ष राज्यमंत्री) विभ्रांत कौशिक ने कही। वे शुक्रवार को नगर के बाल निकेतन जूनियर हाईस्कूल में जनपद के सभ्रांत नागरिकों और शिक्षाविदों की बैठक में बोल रहे थे।
श्री कौशिक ने बताया कि प्रदेश के सभी विकास खंडों में एक मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक न्याय पंचायतों में ओपेन जिम खोली जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी अप्रैल में होने वाले शिक्षक विधान परिषद चुनाव भारतीय जनता पार्टी पहली बार अपने बैनर पर लड़ेगी। समय कम देखते हुए भारतीय जनता पार्टी तथा उसके मोर्चे प्रकोष्ठ सक्रियता से इस अभियान ने लेंगे। प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय इसके मतदान केंद्र होंगे। उसके अनुसार पार्टी द्वारा संपर्क, संवाद और गुरुजनों से आशीर्वाद के लिए विद्यालयवार संपर्क किया जाएगा, ऐसी व्यूह रचना बनाई जा रही है। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत राय, रामानुज प्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, संदीप सिंह, अखंड प्रताप सिंह, मिथिलेश यादव, अतुल सिंह, सुनील सिंह, नीतेश कुमार आदि उपस्थित थे।