25 मिनट तक तड़तड़ाई गोलियां, दहशत
जनपद सहित पड़ोसी जनपदों के लिए सिरदर्द रानीपुर थानाक्षेत्र के गवली पलिया निवासी 50 हजार के इनामी अपराधी हरिकेश यादव को पुलिस मुठभेड़ में ढ़ेर हो गया।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) :
कोपागंज थाना क्षेत्र के बख्तावरगंज घाट पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो युवकों को आता देखकर पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तो वे पुलिस पर फायर कर भागने लगे। इस पर पूरे जनपद की पुलिस सक्रिय हो गई। कोपागंज थानाध्यक्ष विनय सिंह, सरायलखंसी निरीक्षक डीके श्रीवास्तव, घोसी निरीक्षक परमानंद मिश्र, स्वाट प्रभारी अविनाश सिंह, राजेश प्रसाद यादव, शहर कोतवाल राम सिंह सहित मधुबन पुलिस व पीआरवी के जवान बदमाशों का पीछा करते हुए बिदटोलिया पहुंच गए। आगे नदी और रेता देखकर बदमाश अपने को पुलिस से घिरा देखते हुए फायरिग करने लगे। बदमाशों की गोली से पुलिस वाहन का हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पुलिस की गोली से एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा बदमाश झुरमुटों का आड़ लेकर फरार होने में सफल हो गया।
लगभग 25 मिनट तक दोनों तरफ से तड़तड़ाई गोलियों में अपराधी हरिकेश यादव तो मारा गया। घटना की जानकारी लगते ही डीआइजी रेंज आजमगढ़ मनोज तिवारी, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, एएसपी शैलेंद्र श्रीवास्तव, सीओ घोसी अभिनव कन्नौजिया, सीओ मधुबन श्वेता आशुतोष ओझा मौके पर पहुंचे।