विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुहम्मदाबाद गोहना विधायक का रिपोर्ट कार्ड : नहीं मिली मंजूरी, बंदीघाट-सरवां तमसा पर पुल की आस रह गई अधूरी

By Jaiprakash Nishad Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 11:43 AM (GMT+05:30)

मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार के रिपोर्ट कार्ड में कई विकास कार्य गिनाए गए हैं, लेकिन जनता और विपक्ष के ...और पढ़ें

मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार का रिपोर्ट कार्ड: पुल और ओवरब्रिज की आस अधूरी।

मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार का रिपोर्ट कार्ड: पुल और ओवरब्रिज की आस अधूरी।

HighLights

  1. विधायक निधि से 80 से अधिक छोटे विकास कार्य कराए गए।

  2. बंदीघाट-सरया पुल और रेलवे ओवरब्रिज को अभी मंजूरी नहीं मिली।

  3. जनता बड़े अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने की मांग कर रही है।

जागरण संवाददाता, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र  (सुरक्षित)में वर्ष 2022 के चुनाव में सपा व भाजपा में खूब जंग हुई थी, लेकिन सपा के राजेंद्र कुमार ने पूनम सरोज को 26 हजार से अधिक वोटों से हराकर सीट हथिया ली थी। विपक्ष का विधायक होने के बावजूद विधायक निधि का सदुपयोग किया गया है। जनता के बीच रहने की वजह से उन्होंने दुख दर्द में सहभागिता भी निभाई है।

जनता का कहना है कि विधायक वह कार्य नहीं करा पाएं जो जनता की विशेष जरूरत थी। कस्बा में रेलवे ओवरब्रिज व बंदीघाट-सरया स्थित तमसा नदी पर पुल की सख्त जरूरत है। शासन से मंजूरी नहीं मिलने से यह कार्य अभी भी पूरा नहीं हो सका है। कुछ अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराया गया है। अभी तमाम ऐसे विकास कार्य हैं जो अभी तक पूरे नहीं हो सके हैं।

बीते चार साल के दौरान हुए विकास कार्य पर नजर डाली जाए तो विधायक निधि से अब तक लगभग 80 कार्य कराए गए हैं। इसमें ज्यादातर इंटरलांकिंग, खड़ंजा, सीसी रोड एवं पिच निर्माण कार्य हुए हैं। विधानसभा में विद्युत कार्य पोल ट्रांसफार्मर का भी कार्य कई जगह हुआ है। यही नहीं हाईमास्क लाइट पर भी धन खर्च किया गया है।

यहां विधायक जलनिकासी, गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों से बचाव के पुख्ता इंतजाम का दावा करते रहे हैं, लेकिन जनता के मुताबिक उनका यह दावा फेल है। विधायक ने कुछ मरीजों के इलाज के लिए भी धनराशि खर्च की है। विधायक निधि से तेंदुली नहर से लोहाटिकट गांव तक एक किलोमीटर पिच सड़क, कबूल्हा-इटौरा चौबेपुर मार्ग का निर्माण, नगर पंचायत के अंसार नगर में 250 केवीए ट्रांसफार्मर तथा चलीसवां गांव में 25 केवीए ट्रांसफार्मर व 15 विद्युत पोल लगाए गए।

बिजौली, रुकनपुर, देवकली देवलास, भोपतपुर, सहूवारी, पचिस्ता, सिरसा, फतेहपुर, महमूदाबाद, कमथरी करमी, सरया और प्रधानपुर समेत कई गांवों में इंटरलाकिंग, सीसी रोड और खड़ंजा निर्माण कराया गया। चिरैयाकोट में कब्रिस्तान की बाउंड्री, इंटरलाकिंग बनवाई। तिलसवां गांव में महाराजा बिजली पासी स्मृति द्वार का निर्माण भी कराया गया है।

बोले व‍िधायक

ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोडऩे के लिए तमाम कार्य कराए गए हैं। क्षेत्र में तेंदुली नहर से लोहाटिकर गांव का एक किलोमीटर पीच निर्माण कार्य करवाया। गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया। हर गांव में हाईमास्क लाइट लगवाया। अंसार नगर मोहल्ले में 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया गया। बंदीघाट-सरयां के बीच तमसा नदी पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई है। यह मामला विधानसभा में उठाया गया है। इससे बन जाने से दर्जनों गांवों के लोगों को फायदा होगा। यह कार्य बहुत ही जरूरी है। मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मुख्य मार्ग पर बने पूर्वी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाया जाना है। यहां सर्वे का कार्य चल रहा है। अभी धनराशि स्वीकृत नहीं हो सकी है। धार्मिक स्थलों को बदहाल स्थिति से निजात दिलाई गई। प्राथमिक शिक्षा के विद्यालयों में अत्याधुनिक सुविधा देने का हरसंभव प्रयास किया गया है। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था बेहतर की गई। वह जनता के बीच हमेशा रहते हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
-राजेंद्र कुमार, विधायक सपा

बोले रनर प्रत्‍याशी
विधानसभा क्षेत्र में तमाम कार्य अधूरे पड़े हैं। जनता की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं हुए हैं। मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा की सबसे बड़ी समस्या बंदीघाट-सरया गांव के बीच तमसा नदी पर ओवरब्रिज बनाना है। यदि ओवरब्रिज का निर्माण हो जाता है तो लगभग 20 से 25 गांव के लोगों को मुख्यालय अस्पताल तहसील जाने में काफी सहूलियत मिलती। इसके साथ ही कस्बे में क्षतिग्रस्त पड़ा पुराना सरकारी अस्पताल को महिला अस्पताल बनाने की मांग जनता द्वारा उठाई जा रही है। इस महिला अस्पताल का निर्माण अभी तक नहीं किया गया। अगर यह बन जाता तो ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली गर्भवती महिलाओं को आसानी हो जाती।
पूनम सरोज, रनर प्रत्याशी

बोली जनता

  • मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में विकास के कई कार्य हुए हैं। करहा से शमशाबाद जाने वाली मुख्य सड़क खराब है। यह कई गांवों को जोड़ती है। यह पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। कई अन्य कार्य भी अधूरे हैं। इसे पूरा कराना जरूरी है। यह पूरे हो जाते तो लोगों को आसानी हो जाती। - सिंधु कमल चौरसिया, व्यापारी, मुहम्मदाबाद गोहना
  • क्षेत्र में इंटरलांकिंग, पिच, सीसी रोड सहित अनेक कार्य किए गए हैं। मगर अभी भी बहुत कार्य क्षेत्र में अधूरा है। यहां की बड़ी समस्या बंदीघाट-सरया तमसा नदी पर ओवरब्रिज निर्माण यदि हो जाए तो दो दर्जन गांवों के लोगों को मऊ मुख्यालय जाना आसान हो जाता। पुल का निर्माण अति आवश्यक है। -रामानंद, मुहम्मदाबाद गोहना।
  • मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनना बहुत ही जरूरी है। अक्सर यहां फाटक खराब हो जाता है और लंबे-लंबे दोनों तरफ जाम लग जाते हैं। इससे यात्रियों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है इस फाटक के दोनों तरफ सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसलिए यहां ओवरब्रिज निर्माण अति आवश्यक है। -अनमोल साहू ,व्यापारी मुहम्मदाबाद गोहना।
  • मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में विकास के कार्य हुए हैं। कस्बे के शहीद चौक के पास मुख्य बाजार में बना पुराना अस्पताल पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो गया है। शासन-प्रशासन द्वारा महिला अस्पताल बनाने की मांग की जा रही है जो अति आवश्यक है। कस्बे की गर्भवती महिलाओं एवं अन्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए महिला अस्पताल का निर्माण कराया जाए। -चंकी उर्फ शशांक त्रिपाठी, मुहम्मदाबाद गोहना।