चीनी मिल एवं आसवनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जागरण संवाददाता घोसी (मऊ) चीनी मिल एवं आसवनी में कई कर्मचारी दुर्घटना में जान गंवा चुके
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : चीनी मिल एवं आसवनी में कई कर्मचारी दुर्घटना में जान गंवा चुके हैं लेकिन बुधवार को अज्ञात व्यक्ति का शव परिसर स्थित पानी से भरे गड्ढे में पाया जाना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने को काफी है। दरअसल चीनी मिल एवं आसवानी के बीच बनी लंबी एवं ऊंची दीवारें दोनों को विभाजित करती हैं। बावजूद इसके एक-दो ऐसे स्थान हैं जहां से फांदकर एक-दूसरे प्रतिष्ठान में जाना संभव है। बहरहाल दोनों ही प्रतिष्ठानों के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर नियुक्त सुरक्षा कर्मचारी 24 घंटे शिफ्ट में ड्यूटी करते हैं। सुरक्षा के बेहतर प्रबंध के लिए एक सुरक्षा अधिकारी भी नियुक्त हैं। इसके बावजूद एक अंजान व्यक्ति आसवनी में प्रवेश करता है और पानी से भरे गड्ढे तक पहुंच जाता है पर किसी को पता नहीं लगता है। यह घटना समूची सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। उधर एक सवाल उक्त व्यक्ति की नीयत पर भी खड़ा होता है। दरअसल चीनी मिल एवं आसवनी में पूर्व में भी चहारदीवारी फांद कर चोरी किए जाने की अनगिनत घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि रात में वह किसी तरह ऊंची चहारदीवारी पर चढ़ा और अंदर आ गया। आगे बढ़ने पर वह गड्ढे में जा फंसा। दरअसल उक्त गड्ढा ऐसा है कि समीप पहुंचने पर भी गड्ढा होने का पता नहीं लगता है। कयास है कि वह अचानक गड्ढा में गिरा होगा और वहां जमे विषाक्त पानी में दम तोड़ दिया। बहरहाल मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।