भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे पं.अटल बिहारी वाजपेयी
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को पूरे जनपद में उल्लासपूर्वक मनाई गई। भाजपाजननों ने प्रत्येक मंडल स्तर पर सुशासन दिवस के रूप में जयंती को मनाते हुए उन्हें याद किया।
जागरण संवाददाता, मऊ : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को पूरे जनपद में उल्लासपूर्वक मनाई गई। भाजपाजननों ने प्रत्येक मंडल स्तर पर सुशासन दिवस के रूप में जयंती मनाते हुए उन्हें याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने उन्हें भारतीय राजनीति का अजातशत्रु बताया। उनके व्यक्तित्व-कृतित्व को याद करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित समारोह में जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्त ने कहा कि भारतीय राजनीति में एक गैर-कांग्रेसी नेता के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी थी। वे प्रतिभावान जननायक थे। वर्ष 1942 में उन्हें 'भारत छोड़ो' आंदोलन के तहत जेल जाना पड़ा था। जनसंघ की कमान संभालने के पूर्व वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता रहते हुए राष्ट्रधर्म, पा†चजन्य, चेतना, दैनिक स्वदेश, वीर अर्जुन आदि पत्र-पत्रिकाओं के संपादक रह चुके थे। बेबाक बोलने का कौशल रखने वाले वाजपेयी ने लगभग चार दशक से भी अधिक समय तक विपक्ष में रहते हुए सकारात्मक भूमिका निभाई। तीन बार प्रधानमन्त्री पद के लिए चुने गए। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हौसला प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि वे राजधर्म को सर्वोपरि मानने वाले एवं उसका पालन करने वाले थे। भारतीय राजनीति के इस बेदाग 'अजातशत्रु' के जीवन के विविध आयाम हैं और वे सभी प्रशंसनीय हैं। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घोसी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व सांसद बब्बन राजभर ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री युग पुरुष भारत रत्न पं. अटल बिहारी बाजपेई अजातशत्रु थे। विपक्षी भी उनके सम्मान में तालियां बजाते थे। वे नगर स्थित भाजपा कार्यालय पर बुधवार को स्व. वाजपेई की जयंती पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। मंडल प्रभारी रंगनाथ मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री की विद्वता को अद्वितीय बताया। पूर्व प्रत्याशी भरत लाल राही ने उन्हें युगपुरुष एवं भविष्यदृष्टा करार दिया। मंडल अध्यक्ष रवींद्र उपाध्याय की अध्यक्षता एवं मनोज राजभर के संचालन में हुए आयोजन में गिरिजापति राय, लालचंद चौहान, जयप्रकाश सिंह, डा. जयशंकर प्रसाद, डा. नागेंद्र सिंह, रामप्यारे प्रजापति, नरेंद्र चौहान एवं रामसूरत चौहान ने भी भारत रत्न स्व. बाजपेई के कृतित्व एवं महान व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
मुहम्मदाबाद गोहना प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव में स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। संजय जायसवाल, अजय सिंह कक्कू, आशीष चौधरी, छोटू प्रसाद, कुणाल सिंह, अंकित सिंह, अभिषेक यादव, संजय जायसवाल, त्रिभुवन प्रसाद, जनार्दन शर्मा, मुसाफिर यादव, दयाप्रकाश सिंह आदि थे।