कब्जा हटाने की गुहार पर पुलिस ने सभासद को हड़काया
मां काली के मंदिर की भूमि पर कब्जा करने वालों पर पुलिस के वरदहस्त का आलम यह कि कब्जा हटाने की गुहार लगाने वाले सभासद को उल्टे हड़काना शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : मां काली के मंदिर की भूमि पर कब्जा करने वालों पर पुलिस के वरदहस्त का आलम यह कि कब्जा हटाने की गुहार लगाने वाले सभासद को उल्टे हड़काना शुरू कर दी है। यह हाल है स्थानीय नगर पंचायत का। पुलिस का यह रुख देख अब सभासद ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
नगर पंचायत के खीरीकोठा वार्ड में आबादी की भूमि में मां काली स्थान का स्थान है। मंदिर की भूमि और वहां तक जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। इससे नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। अतिक्रमण के विरोध में कुछ दिन पूर्व दर्जनों नागरिकों ने सभासद लालबहादुर मल्ल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें राजस्व निरीक्षक ने आख्या दी थी कि मां काली स्थान की भूमि आबादी की है। इस पर पुलिस ने कब्जा को रोकवा दिया था। सोमवार को जब पुन: अतिक्रमणकर्ता ने काली स्थान पर कब्जा करना शुरू किया तो सभासद ने पुलिस को सूचना देते हुए गुहार लगाई कि अवैध कब्जा को रोका जाय। सभासद का कहना है कि इस पर पुलिस ने कब्जा रोकवाने की बजाय उन्हीं को नसीहत देने लगी कि इस काम में अड़ंगा मत लगाओ। हालांकि बाद में नागरिकों के विरोध का संज्ञान लेकर पुलिस ने काम को रोकवा दिया, पर इस प्रकरण को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।