मऊ की गोशाला में मिली अव्यवस्था पर डिप्टी सीवीओ और बीडीओ सहित तीन को नोटिस
डीएम आनंद वर्धन ने मऊ के रतनपुरा ब्लॉक स्थित कुड़वा गोशाला का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्हें अव्यवस्थाएं मिलीं। खराब ...और पढ़ें

मऊ की गोशाला में डीएम को मिलीं गंभीर खामियां, बीडीओ समेत तीन अधिकारियों को नोटिस।
HighLights
डीएम आनंद वर्धन ने कुड़वा गोशाला का औचक निरीक्षण किया।
गोशाला में साफ-सफाई, चारे और ईयर टैगिंग में कमी पाई गई।
बीडीओ, डिप्टी सीवीओ और सेक्रेटरी को कारण बताओ नोटिस जारी।
जागरण संवाददाता, मऊ। कागजों में गोशालाओं के बेहतर व्यवस्थाओं का दावा करने वाले पशुपालन विभाग और विकास खंड के दावों की कलई सोमवार को डीएम आनंद वर्द्धन के निरीक्षण के दौरान खुल कर सामने आ गई। रतनपुरा ब्लाक के कुड़वा गोशाला में मिली अव्यवस्था पर नाराजगी जताने के साथ ही बीडीओ, डिप्टी सीवीओ और सेक्रेटरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई एवं प्रबंधन की खराब व्यवस्था पर नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार का निर्देश दिया। गोशाला में भूसा एवं चारा स्टाक पंजिका में उपलब्ध स्टाक का समुचित अंकन नहीं करने नाराजगी व्यक्त की। गोवंशीय पशुओं की ईयर टैगिंग नहीं मिलने पर शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यदायी एनजीओ की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गोशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चारा एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अनवरत रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित रूप से साफ-सफाई कराने, पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा बीमार पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने गोशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार नहीं करने पर संबंधित सेक्रेटरी, खंड विकास अधिकारी एवं डिप्टी सीवीओ के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी। डीएम ने कहा कि गोशाला में व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। पशुओं के खानपान में होने वाली लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
