किसानों की फसल बर्बाद, नहीं मिला मुआवजा
जागरण संवाददाता मऊ जलजमाव के चलते कोपागंज के पश्चिमोत्तर में स्थित किसानों की सैकड़ों एक
जागरण संवाददाता, मऊ : जलजमाव के चलते कोपागंज के पश्चिमोत्तर में स्थित किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई है। राजस्व विभाग की ओर से बर्बाद फसल का मुआवजा देने के लिए किसानों के नुकसान का कोई आकलन न होने से किसानों में हताशा है। शनिवार को हिकमा और काछीकला के किसानों ने विधायक घोसी विजय राजभर से पहल करने की मांग की है। भदसा मानोपुर के किसान एवं पूर्व प्रधान रामचंद्र राय ने कहा कि फसल गंवा चुके किसान परेशान हैं। भीषण बारिश व जलजमाव से न सिर्फ किसानों की धान की फसल बर्बाद हुई है, बल्कि अरहर और सब्जी की फसल भी सड़-गल गई है। जलजमाव से सबसे ज्यादा नुकसान क्षेत्र के हिकमा और काछीकला के किसानों का हुआ है। भदसा के किसानों को भी काफी घाटा उठाना पड़ा है। हिकमा गाड़ा के पूर्व प्रधान एवं किसान दयानंद तिवारी ने कहा कि बर्बादी से गांव के कई किसान परिवारों के सामने संकट बढ़ता जा रहा है। आर्थिक संकट से किसान कर्ज में डूबते जा रहे हैं। किसानों के सामने खेत बेचकर खाने की नौबत आ गई है। काछीकला, हिकमा एवं भदसा मानोपुर के किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद है, लेकिन किसी को अब तक मुआवजा देने का सरकारी प्रयास नहीं हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक विजय राजभर से किसानों के हित में मुआवजा दिलवाने की मांग की। इस अवसर अरविद तिवारी, मणिशंकर बाबा, मनोज कुमार भोला, उमाकांत तिवारी, सुनील तिवारी किसान उपस्थित थे।