मऊ में ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत, ट्रेलर और अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज
मऊ में आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग पर एक ट्रेलर और बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

मऊ में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचला, मौके पर मौत।
HighLights
मऊ में ट्रेलर-बाइक टक्कर में मां-बेटे की मौत।
गोरखपुर निवासी सूरज यादव और मां बिंदु यादव थे मृतक।
पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, दोहरीघाट (मऊ)। आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग स्थित रामनगर पुलिस बूथ के पास शुक्रवार की सुबह 11 बजे ट्रेलर व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी 19 वर्षीय सूरज यादव और 40 वर्षीय मां बिंदु यादव की मौके पर मौत हो गई। चालक ट्रेलर को घटनास्थल पर ही छोड़ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों में मातम पसर गया।
गोरखपुर के बेलवा गांव निवासी सूरज अपनी मां को बाइक पर बैठाकर आजमगढ़ दवा लेने के जा रहा था। दोहरीघाट की तरफ आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ पास सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर मां-बेटे के शव को जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया दिया।
घटना की जानकारी स्वजन को पुलिस के माध्यम से मिली। चाचा धमेंद्र यादव ने भाभी और भतीजे की मौत के मामले में तहरीर देकर ट्रेलर और अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। युवक के पिता राजकुमार दुबई में नौकरी करते है। युवक दो भाइयों में बड़ा और बड़हलगंज स्थित शबनम इंटर कालेज में ग्यारहवीं का छात्र था। थाना प्रभारी रामायण सिंह ने बताया कि ट्रेलर पर मध्यप्रदेश का नंबर दर्ज है। वह आजमगढ़ से दोहरीघाट की तरफ आ रहा था। चालक को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।
