अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिग व जांच का निर्देश
शासन द्वारा नोडल अधिकारी के रूप में नामित राजस्व परिषद सदस्य रजनीश गुप्ता ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।
जागरण संवाददाता, मऊ : शासन द्वारा नोडल अधिकारी के रूप में नामित राजस्व परिषद सदस्य रजनीश गुप्ता ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान नोडल अधिकारी ने जनपद में कोरोना संक्रमण की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिग कराई जाए। जिससे अन्य लोगों को संक्रमित होने से बचाया जा सके।
नोडल द्वारा बताया गया कि कोविड-19 की जागरूकता अभियान से बड़े पैमाने पर लोगों को जागरूक किया जाए। जिससे अधिक से अधिक लोग संक्रमित होने से बच सकें। विधायक विजय राजभर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान जो भी मेडिकल स्टोर बंद थे और वर्तमान समय में चालू किए गए हैं। कुछ मेडिकल स्टोरों द्वारा अधिक पैसा लेकर दवा दिया जा रहा हैं। इस पर नोडल द्वारा मेडिकल स्टोर की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नोडल ने कहा कि जनपद के नहर और नालियों में पानी का ठहराव न हो, वर्तमान समय में बरसात के मौसम में पानी की अधिकता हो जाने के कारण जगह-जगह समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। बरसात के समय में मौसमी बुखार, खांसी, जुकाम आदि समस्याएं हो जाती हैं। इससे ग्रामीण स्तर पर लोग परेशान हो जाते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुचारू रूप से चलाएं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही अपना इलाज करा सके। क्योंकि गांव से भारी संख्या में दवा के लिए शहर में लोग आते हैं और शहर में भीड़ का माहौल पैदा हो रहा है। इस महामारी को भीड़ से कंट्रोल किया जा सकता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर क्षेत्राधिकारी सहित समस्त अधिकारी उपस्थित थे।