मऊ में अब मोबाइल पर मिलेंगे राजमिस्त्री, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन, एप पर सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
मऊ में अब यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप के माध्यम से घर बैठे राजमिस्त्री, प्लंबर और इलेक्ट्रीशियन जैसे कुशल कारीगरों ...और पढ़ें
-1788541782492_m.webp)
अब मोबाइल पर मिलेंगे राजमिस्त्री, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन।
HighLights
कुशल कारीगरों को घर बैठे ढूंढने में मिलेगी मदद।
नियोक्ताओं और श्रमिकों को सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ेगा।
श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, मऊ। घर, दुकान व प्रतिष्ठान में निर्माण एवं मरम्मत का काम शुरू करने के लिए कुशल कारीगर व श्रमिकों की तलाश सबसे बड़ी चुनौती होती है। अब इसके लिए लोगों को लेबर चौक के चक्कर लगाने एवं जान-पहचान के भरोसे रहने की जरूरत नहीं होगी।
श्रम विभाग द्वारा शुरू किए गए यूपी डिजिटल लेबर चौक एप के माध्यम से राजमिस्त्री, प्लंबर, बढ़ई, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर समेत अन्य निर्माण श्रमिकों को घर बैठे तलाशा जा सकेगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म से निर्माण क्षेत्र में काम देने वाले नियोक्ताओं एवं रोजगार व काम की तलाश कर रहे श्रमिकों को सीधे एक-दूसरे से जोड़ा जाएगा।
एप पर श्रमिक अपनी प्रोफाइल तैयार कर अपनी दक्षता एवं कार्य से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण कंपनियां एवं आम नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार श्रमिकों की तलाश कर उनसे संपर्क कर सकेंगे। इससे रोजगार की प्रक्रिया आसान होने के साथ ही बिचौलियों पर निर्भरता भी कम होगी।
डिजिटल लेबर चौक का लाभ निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न श्रमिक वर्गों को मिलेगा। राजमिस्त्री, प्लंबर, बढ़ई, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर एवं हेल्पर जैसे श्रमिक अपनी योग्यता के अनुरूप काम तलाश सकेंगे। वहीं नियोक्ताओं को जरूरत के अनुसार कुशल श्रमिक खोजने में सहूलियत होगी।
सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
यूपी डिजिटल लेबर चौक एप को केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके माध्यम से श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी श्रमिकों तक पहुंचाई जाएगी।
पात्र श्रमिक योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे श्रमिकों को रोजगार के साथ सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्र के श्रमिक अड्डे पर शिविर लगाकर एप की जानकारी एवं जानकारी भरने के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही नियाेक्ता को भी यूपी डिजिटल लेबर चौक एप से जुड़ने एवं इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसकी शुरूआत की जा चुकी है लेकिन एप में कुछ दिक्कत आ रही है जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। -प्रभात कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त।
