विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी
छोटी खबरें क क क क क
विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी
जागरण संवाददाता, मऊ : हलधरपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पिंडोहरी के कमरे का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात चोरों ने विद्यालय का उपयोगी सामान चुरा लिया। सुबह विद्यालय गए प्रधानाध्यापक हरिकेश प्रसाद जब विद्यालय पहुंचे तो ताला टूटा देखा। इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन किया। प्रधानाध्यापक ने हलधरपुर थाने पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दिया। इसमें दर्शाया कि चोर विद्यालय के दो भगोना, गैस सिलेंडर, कढ़ाई के साथ एमडीएम का आटा, चावल, दाल व बिजली संबंधी तार आदि चुरा ले गए।
--
पटिया विहिन नाला बना खतरे का सबब
जागरण संवाददाता, मऊ : यूं तो प्रदेश सरकार नगरों को स्वच्छ व सुंदर रखने के लिए प्रतिवर्ष अरबों रुपये खर्च कर रही है पर नगर प्रशासन द्वारा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसका नतीजा है कि आए दिन नागरिक परेशान होते हैं। नगर के पॉश इलाके के रूप में शुमार सहादतपुरा के एलआइसी बिल्डिंग के पीछे बना नाला वर्षों से पटिया विहिन है। कई बार स्थानीय लोगों ने प्रशासन व नगर प्रशासन से सूचित भी किया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आलम यह है कि प्रतिदिन कोई न कोई नाले में गिरकर चोटिल होता है। शनिवार की देर शाम एकाएक बिजली कट जाने से हुए अंधेरे के चलते ब्रह्मस्थान निवासी आलोक कुमार नाले में गिरकर चोटिल हो गया।
--
कई माह से स्ट्रीट लाइट खराब, सुधि नहीं
जागरण संवाददाता, मऊ : शहर के ब्रह्मस्थान पर प्रकाश के लिए नगरपालिका का लगा स्ट्रीट लाइट कई माह से खराब पड़ा है। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने कई बार लिखित रूप में नगर प्रशासन से किया पर आज तक नगरपालिका का कोई भी कर्मचारी देखने तक नहीं आया। इसके चलते ब्रह्मस्थान पर रात में घुप्प अंधेरा छा जाता है। जबकि यहां देर शाम को औरतें टहलने के लिए आती हैं।