मशक्कत के बाद महिला को भेजा गया अस्पताल
घोसी में कोरोना पाजीटिव पाई गई एक 62 वर्षीय महिला को गुरुवार की दोपहर को काफी मशक्कत के बाद स्वास्थ्य एवं राजस्व टीम ने कोविड अस्पताल (एल-1) परदहां भेजा।
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : घोसी में कोरोना पॉजीटिव पाई गई एक 62 वर्षीय महिला को गुरुवार की दोपहर को काफी मशक्कत के बाद स्वास्थ्य एवं राजस्व टीम ने कोविड अस्पताल (एल-1) परदहां भेजा। उधर कोरोना पाजिटिव पाए गए आदेडीह निवासी राजस्व कर्मचारी को एल-1 अस्पताल भेजे जाने हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केअधीक्षक डा. एसएन आर्य ने जिला प्रशासन को सूचित किया है। उक्त कर्मचारी भले ही घोसी में नियुक्त है पर इन दिनों वह अपने घर पर है।
अभी तक घोसी नगर के आसपास कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला बुधवार की रात नगर को भी अपने अंकपाश में ले लिया। तहसील में कार्यरत एक 40 वर्षीय राजस्व कर्मचारी सहित नगर के डा. प्रभुनाथ गली के उत्तर मदापुर क्षेत्र की एक महिला की रिपोर्ट पाजिटिव मिली। रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। अल सुबह ही समूचे तहसील परिसर को सेैनिटाइज किया गया। अलबत्ता गुरुवार को भी सारे दफ्तर खुले रहे एवं नागरिकों की भीड़ भी अन्य दिनों जैसी ही रही। उक्त लेखपाल दो पूर्व तहसील परिसर में बैठक में शामिल रहा। केंद्र अधीक्षक डा. आर्य ने तहसील प्रशासन को पत्र प्रेषित कर कर्मचारी के संपर्क में आने वालों की सूची मांगा। उन्होंने ऐसे सभी लोगों की जांच करायाजाना अनिवार्य बताया है। उधर नगर के प्रभुनाथ रोड स्थित एक मकान स्वामी के परिवार के सदस्य मुंबई में रहते हैं। इसी माह उक्त परिवार की 62 वर्षीय महिला हाल ही मे मुंबई से आई है। 16 जुलाई को उसका सैंपल जांच को भेजा गया। बुधवार की देर शाम उसको पॉजीटिव पाए जाने पर गुरुवार की सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम एबुंलेस लेकर महिला के घर पहुंची। परिजनों के विरोध के चलते टीम बैकफुट पर आ गई। एसडीएम तक मामला पहुंचने के बाद राजस्व कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद महिला को एंबुलेंस से भेजा गया। केंद्र अधीक्षक डा. आर्य ने महिला के कुछ परिजनों का सैंपल लिए जाने की जानकारी देते हुए शेष परिजनों एवं उक्त भवन में रहने वाले किराएदारों की भी जांच किए जाने का आश्वासन दिया है।