हर कमजोर तक न्याय पहुंचे, यही मकसद : जिला जज
जागरण संवाददाता मऊ विधिक सेवा दिवस पर सिविल कोर्ट के सभागार में मंगलवार को विधिक दिवस
जागरण संवाददाता, मऊ : विधिक सेवा दिवस पर सिविल कोर्ट के सभागार में मंगलवार को विधिक दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दिलाए जा रहे न्याय के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रभारी जिला जज बुद्धिसागर मिश्र ने कहा कि जन-जन व कमजोर वर्ग के बीच न्याय पहुंचे, यही प्राधिकरण का मकसद है। सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि अपने देश में 9 नवंबर राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के लिए निश्शुल्क कानूनी सेवाओं की पेशकश करना है। कमजोर वर्गों के लोगों को मुफ्त सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के बारे में जागरूक भी करता है।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय आदिल आफताब, अपर जिला जज आसिफ एकबाल,विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट सबीर जेहरा, अभिषेक पांडेय, अल्का नेहाल, अमित यादव, शिप्रा सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद पांडेय व महामंत्री अजय सिंह उपस्थित थे। इसके बाद दोपहर दो बजे से नगर के सोनीधापा इंटर कालेज में छात्राओं को जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव संग जिला विद्यालय निरीक्षक डा.राजेंद्र प्रसाद व विद्यालय की शिक्षिकाएं व छात्राएं उपस्थित थीं।