गड्ढे में डूबने से मासूम की मौत
उसरी सरधा गांव में सोमवार की सुबह लगभग
जागरण संवाददाता, मधुबन/ रामपुर बेलौली (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के उसरी सरधा गांव में सोमवार की सुबह लगभग 8.00 बजे ननिहाल में आए अजीत नामक डेढ़ वर्षीय बालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष कुमुदशेखर सिंह ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बालक की माता पुष्पा देवी का पति पंकज निवासी ठकुरहीं (चरौंवा), थाना-भीमपुरा जनपद-बलिया से अनबन चल रही थी। इसके कारण वह डेढ़ वर्ष से अपने पिता कुमार मुसहर के घर मायके में रह रही थी। सोमवार की अलसुबह घर के लोग कामकाज करने निकल गए। माता पुष्पा भी किसी काम से लड़के को सोता छोड़ चली गई। इसी बीच उसका लड़का अजीत जागने के साथ ही बाहर निकला। कई दिनों तक हुई भारी बारिश से चारों तरफ जलजमाव हो गया है। घर के समीप ही खेत में बने गड्ढे में पानी भर गया है। मासूम बालक का पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। इससे उसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। प्रशासन की तरफ से कानूनगो भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को यथासंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिए। सपा नेता दिनेश चौधरी गुड्डू, ग्रामप्रधान जगदीश पटेल आदि ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।