हरा पेड़ काटने में छह गिरफ्तार
स्थानीय थाना क्षेत्र के इटौरा डोरीपुर में बुधवार की दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरे पेड़ों की कटाई कर रहे आठ मजदूरों को धर दबोचा।
जागरण संवाददाता, कोपागंज (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के इटौरा डोरीपुर में बुधवार की दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरे पेड़ों की कटाई कर रहे आठ मजदूरों को धर दबोचा। मौके से एक ट्रैक्टर ट्राली व पेड़ काटने के औजार समेत दो साइकिल भी बरामद किया। हरे पेड़ों को कटवा रहे दो लोगों को भी वहीं से गिरफ्तार कर लिया।
इटौरा डोरीपुर गांव के एक बगीचे में महुआ, आम, जामुन के घने बगीचे में चार मजदूरों द्वारा हरे पेड़ों के काटने की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह दल-बल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देखते ही सभी के होश उड़ गए। वे इधर उधर खिसकने की कोशिश करने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने पेड़ों की कटाई कर रहे सभी मजदूरों को पकड़ लिया। पेड़ों को काटने वाली आरी, दो साइकिल समेत हरे पेड़ों को कटवा रहे दो लकड़ी कारोबारियों व चार मजदूर को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर हरे पेड़ों की कटाई के आरोप में छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लकड़ी कारोबारियो में अफरा तफरी मच गई। देर शाम तक लकड़ी कारोबारी मामले को रफा दफा करने के लिए थाने के आसपास मंडराते रहे।