क्रय केंद्र पर नहीं पहुंचे किसान, धान की कटाई में अभी देरी
जागरण संवाददाता पुराघाट (मऊ) कोपागंज ब्लाक क्षेत्र में धान खरीद के लिए सात केंद्र बनाए गए
जागरण संवाददाता, पुराघाट (मऊ) : कोपागंज ब्लाक क्षेत्र में धान खरीद के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं लेकिन अभी किसी केंद्र पर धान की बिक्री चालू नही हुई है, क्योंकि अधिकांश किसानों के खेत में पानी होने के चलते धान की फसल काटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जो किसान हिम्मत जुटाकर काट भी ले रहे हैं तो उसे सुखाने में ज्यादा समय लग जा रहा है। अब तक अधिकांश धान की फसल किसान काटकर सरकारी गोदामों पर बेचने के लिए भेज देते थे।
कोपागंज स्थित धान क्रय के सात केंद्र हाट शाखा, क्रय विक्रय केंद्र, रेलवे क्रासिग के पास क्रय केंद्र, कुर्थीजाफरपुर, इंदारा, कोइरियापार, अलीनगर में स्थित हैं। इन सभी जगहों पर 81 हजार 500 क्विटल खरीद का लक्ष्य रखा गया है। क्षेत्र में अभी कहीं से भी धान की खरीद नहीं हो पा रही है। अधिकतर किसानों की फसल तैयार है लेकिन खेत में पानी लगने से किसान उसकी कटाई नहीं कर पा रहा है। क्रय केंद्रों के लिए अभी क्षेत्र के किसान दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। विपणन निरीक्षक अनिल कुमार का कहना है कि कोपागंज क्षेत्र में 81,500 क्विटल धान की खरीद होनी है। क्रय केंद्र भी खोल दिए गए हैं, लेकिन अभी किसी किसान ने बिक्री नहीं की है।