सम्मान से समझौता नहीं करेंगे कर्मचारी, समझें अधिकारी
कोपागंज ब्लाक में तैनात महिला ग्राम विकास अधिकारी सपना सिंह व एसडीएम सदर अतुल वत्स के बीच मारपीट का प्रकरण ने वृहद रूप धारण कर लिया है।
जागरण संवाददाता, मऊ : कोपागंज ब्लाक में तैनात महिला ग्राम विकास अधिकारी सपना सिंह व एसडीएम सदर अतुल वत्स के बीच मारपीट का प्रकरण ने वृहद रूप धारण कर लिया है। एसडीएम सदर पर महिला वीडीओ के साथ मारपीट और बदसलूकी किए जाने को लेकर गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी-ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले आक्रोशित कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने एसडीएम पर मुकदमा दर्ज नहीं होने पर सीधे उच्चाधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। कर्मचारियों ने आंदोलन को पूरे प्रदेश में वृहद रूप देने की चेतावनी दिया। समन्वय समिति के धरने को कई संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी की उदासीनता के कारण तथा उपजिलाधिकारी सदर से मिलीभगत कर महिला ग्राम विकास अधिकारी पर फर्जी तरीके से प्राथमिकी दर्ज करा दिया गया है। जिलाधिकारी से मिलकर सपना सिंह द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र को रद्दी टोकरी में डाल दिया गया है। इससे जनपद के समस्त विभागों के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। अब प्रशासन ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है। जिलाध्यक्ष ग्राम विकास अधिकारी संघ आजमगढ़ दुर्गा राय तथा शांतिशरण सिंह जिलाध्यक्ष समन्वय समिति आजमगढ़ द्वारा धरने की निदा की गई। उन्होंने कहा कि सपना सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हो करते हुए अतुल वत्स उपजिलाधिकारी सदर पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे आजमगढ़ मंडल के कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। विरोध सभा में सीताराम गुप्ता प्रांतीय मंत्री व्यापार कर तथा सतीशचंद्र यादव जिलाध्यक्ष प्रयोगशाला सहायक संघ ने कहा कि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो सभी कर्मचारी इस आंदोलन में सहभागिता करेंगे। धरना सभा को प्रधान संगठन मऊ भी समर्थन दिया। इस अवसर पर राजेश यादव, राजेश कुमार संरक्षक, रामाश्रय यादव, विवेकानंद गुप्त, शैलेंद्र प्रताप सिंह, सुनील सिंह, गरिमा मिश्रा, राजेश यादव प्रधान, सतीशचंद्र यादव, विजय बहादुर सिंह, उपेंद्र सिंह, रामआशीष यादव, अनिल यादव, हृदयशंकर सिंह, मंशाराम चौबे, वरूण, ब्रह्मप्रकाश पाठक, समसुद्दीन हैदर, दिवाकर सिंह आदि उपस्थित थे।