त्योहार में खलल डाली तो खैर नहीं
खलल डाली तो खैर नहीं जिला प्रशासन
जागरण संवाददाता, वलीदपुर (मऊ) : आगामी बकरा ईद, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस पर्व को देखते हुए शुक्रवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस एवं आरएएफ के जवानों ने वलीदपुर नगर पंचायत, खैराबाद बाजार, करहां, मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में रुटमार्च किया। इस बीच त्योहार सकुशल मनाने के लिए लोगों से अपील किया। वहीं त्योहार में आने वाली दिक्कतों-परेशानियों के बाबत लोगों से जानकारी भी प्राप्त किया। रुटमार्च कोतवाली के मुख्य गेट से आरंभ होकर शहीद चौराहा, विजय स्तंभ चौक, नगर पंचायत कार्यालय, आशिक हुसैन रोड होते हुए अतरारी चुंगी पर पहुंचा। यहां से कोतवाली पुलिस एवं फोर्स के जवानों ने वाहन द्वारा स्थानीय नगर पंचायत में पहुंचे। रामलीला मैदान में अपने-अपने वाहनों को खड़ा कर पैदल गश्त करते हुए वलीदपुर सहित छोटी-बड़ी बाजार पहुंचे। यहां बाजार वासियों से रू-ब-रू होकर आने वाले पर्व के बारे में विधिवत जानकारी प्राप्त किया।
नगर के लोगों को विश्वास दिलाया कि त्योहार में किसी तरह की कोई दिक्कत परेशानी नहीं आने दिया जाएगा। आप लोग हंसी-खुशी से अपना अपना पर्व मनाएं। पर्व में यदि कोई भी असामाजिक तत्व खलल डालने की कोशिश करता है तो उसे कठोर कानूनी कार्रवाई कर जेल की सलाखों में डाल दिया जाएगा। भारी पुलिस एवं आरएएफ के जवानों को देखकर लोग डरे व सहमे से नजर आए। बूटों की धमक से शरारती तत्व इधर-उधर चलते बने। यहां के मुख्य बाजार से जवानों ने भीरा, खिरिया मोढ़ होते हुए रामनगर मोढ़ का भ्रमण किया। यहां से जवान अपने वाहन द्वारा खैराबाद चौकी पहुंचकर बाजार होते हुए कैलेंडर तिराहे पर गए। सबसे आखिर में करहां मुख्य बाजार में गस्त किए। यहां से पुन: वापस कोतवाली लौटकर रूट मार्च को समाप्त कर दिए। इसके बाद जिला मुख्यालय के लिए कूच कर गए। इस अवसर पर एसआई रंजीत विश्वकर्मा, कास्टेबल धनंजय पांडेय, जितेंद्र एवं आरएएफ के दर्जनों जवान शामिल थे।