गला दबाकर दिव्यांग महिला की हत्या
जागरण संवाददाता पिपरीडीह (मऊ) मंगलवार की रात 12 बजे। स्थान पिपरीडीह पुलिस चौकी। एक व्
जागरण संवाददाता, मऊ :
गांव ताजपुर उस्मानपुर में पुलिस से शिकायत करने से नाराज युवक ने दिव्यांग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित ने मध्यरात्रि में ही पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के पीछे जमीनी विवाद है।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजपुर उस्मानपुर मठिया के स्व. रामधारी यादव के दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। इसमें 40 वर्षीय उषा यादव अविवाहित एवं दिव्यांग थी। वह गांव में ही आवास बनाकर रहती थी। दिव्यांग महिला का कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था।
सात अक्टूबर को उषा यादव की शिकायत पर पुलिस ने हरिकेश यादव का 151 में चालान किया था। इस मामले में मंगलवार को पेशी थी। आरोपित ने मंगलवार की शाम उषा के घर जाकर शिकायत वापस लेने व सुलहनामा का दबाव बनाया। सुलह न करने पर उसने डंडे से पिटाई की। उसे डर था कि वह सुबह फिर पुलिस से पकड़वाएगी। आरोपित ने रात में पीछे से घर में घुसकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद रात 12 बजे शोर मचाते हुए आरोपित चौकी पर पहुंचा। चिल्ला कर कहा कि वह हत्या करके आ रहा है। पुलिस उसे लेकर घटना स्थल पर पहुंची तो महिला का शव चारपाई पर औधे मुंह पड़ा था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मृतका उसके खिलाफ शिकायत करती थी। विवाद से नाम निकालने के बाबत कहने पर भी वह नहीं मानती थी। मृतका की शिकायत पर ग्राम पंचायत के कार्यों की भी जांच चल रही है। उधर, एसपी सुशील घुले ने बताया कि स्वजन ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपित के बयान की भी जांच कराई जा रही है।