आपसी सुलह-समझौते से हुआ विवाद का निपटारा
जागरण संवाददाता मधुबन (मऊ) थाना क्षेत्र के ग्रामसभा दरगाह में ससुरालजनों द्वारा रविवार को ए
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : थाना क्षेत्र के ग्रामसभा दरगाह में ससुरालजनों द्वारा रविवार को एक विवाहिता को घर में प्रवेश न दिए जाने से नाराज विवाहिता ससुराल की चौखट पर ही धरने पर बैठ गई। इस हालात के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं गांव के संभ्रांत लोगों का पिछले दो दिनों से चल रहा प्रयास सोमवार की शाम रंग लाया। जब ससुराल पक्ष के लोग अपनी बहु शालिनी वर्मा को स्वीकार कर ससम्मान घर में रखने को राजी हुए और विवाहिता भी खुशी-खुशी अपने ससुराल लौटी।
एक वर्ष पूर्व ग्राम हेमई थाना दोहरीघाट निवासिनी शालिनी वर्मा पुत्री अनिल वर्मा की शादी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा दरगाह निवासी नागेंद्र वर्मा के पुत्र गणेश वर्मा के साथ हुआ था। मगर शादी के कुछ माह बीतने के बाद से ही ससुरालजनों द्वारा विवाहिता को पताड़ित किया जाने लगा। यहां तक की रविवार की सुबह अपने भाई के साथ अपने ससुराल पहुंची विवाहिता के लिए ससुराल के लोगों ने घर के दरवाजे बंद कर दिए। इसके बाद लड़की वहीं घर की दहलीज पर धरने पर बैठ गई। स्थानीय थाना में दोनों पक्षों द्वारा एक लिखित समझौता हुआ। इसके अनुसार लड़की को उसके ससुराल के लोग ससम्मान घर में जगह देंगे एवं लड़की भी अपने ससुरालजनों का पूरा मान-सम्मान करेगी। चूंकि महिला वर्तमान में गर्भवती है, इसलिए बच्चे की पैदाइश से एक माह पूर्व मायका पक्ष के लोग अपनी लड़की को विदा कर ले जाएंगे और बच्चे की पैदाइश उसके मायके में ही होगी। बच्चे की पैदाइश के एक माह बाद ससुराल वाले लड़की को विदा कर अपने घर लाएंगे। दो दिन से चल रहे विवाद का हल निकल आने से एक तरफ जहां दोनों परिवारों के चेहरों से गायब मुस्कान लौट आई, वहीं दूसरी तरफ गांव के लोगों ने भी राहत की सांस ली। ग्राम प्रधान प्रशांत गुप्त, निरंजन वर्मा, चंद्रभुवन वर्मा, इंद्रावती देवी, अवधेश कुमार आदि का सराहनीय योगदान रहा।