परेड के पूर्वाभ्यास में झलका पुलिस का पराक्रम
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर जनपद में इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी अपने-अपने तरीके से पर्व मनाने की योजना में जुट गए हैं। जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए पुलिस महकमा काफी गंभीरता से लगा है।
जागरण संवाददाता, मऊ : राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर जनपद में इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी अपने-अपने तरीके से पर्व मनाने की योजना में जुट गए हैं। जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए पुलिस महकमा काफी गंभीरता से लगा है। रविवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस को होने वाली परेड का ग्रैंड रिहर्सल हुआ। इसमें आकर्षक झंडारोहण, मार्च पास्ट, परेड की झलकियां देख गणतंत्र का गौरव और सशस्त्र बलों का पराक्रम झलक उठा। गणतंत्र दिवस की पूर्वाभ्यास परेड की सलामी डमी मुख्य अतिथि ने ली।
पुरुष और महिला पुलिस कांस्टेबलों के साथ-साथ एनसीसी की महिला टीम ने भी जबर्दस्त परेड निकाली। 21 गोलियों की फायरिग कर सबने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तीन रंगों की फुहारें छोड़कर आसमान में जल तिरंगा लहराया तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके अलावा पुलिस की रेडियो शाखा, मोटरसाइकिल दस्ते ने भी हैरतअंगेज कारनामे दिखाए। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने कार्यक्रम को और भव्य व बेहतर बनाने हेतु सुधार के लिए कुछ सुझाव भी दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर में घूम-फिर कर परेड ग्राउंड की सजावट, पुलिस लाइन में आने वाले गणमान्य, आमंत्रित लोगों के बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित संचालन एवं वाहन पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इनसेट--
पुलिस बलों के चेहरे पर सजा खाकी रंग का मास्क
कोविड-19 वायरस को लेकर जारी दिशानिर्देश का पूर्वाभ्यास परेड में पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया। पुलिस के जवानों की वर्दी पर अलग-अलग तरह के मास्क नहीं बल्कि खाकी रंग के मास्क ही सजे दिखे। परेड के अभ्यास के दौरान यह कसक जरूर दिखी कि जवानों के चेहरे मास्क की वजह से साफ-साफ नहीं नजर आ रहे थे। बावजूद इसके अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जवानों ने सबका दिल जीत लिया और सभी को मास्क में रहने की प्रेरणा दिया।