तीन दिन से लापता व्यक्ति का शव पोखरे में मिला
जागरण संवाददाता पलिगढ़ (मऊ) थाना सरायलखंसी क्षेत्र के अछार रेलवे क्रासिग स्थित पोखरे में
जागरण संवाददाता, पलिगढ़ (मऊ) : थाना सरायलखंसी क्षेत्र के अछार रेलवे क्रासिग स्थित पोखरे में रविवार की सुबह एक उतराया शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। उसकी पहचान अछार निवासी 50 वर्षीय रामअशीष पुत्र रामकिशुन राम के रूप में हुई। मृतक तीन दिन पूर्व से घर से कहीं निकला हुआ था। स्वजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। पोखरे में शव पाए जाने से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
रविवार की सुबह लगभग 10 बजे रेलवे क्रासिग के पास पोखरे में औंधे मुंह उतराया शव को देखकर पोखरे के बगल से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शोर मचाया। कुछ दूरी पर रास्ते को लेकर चल रही पंचायत में उपस्थित ग्रामीण आवाज सुनते ही मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में जब शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान अनुसूचित बस्ती निवासी रामअशीष के रूप में हुई। वह जिला मुख्यालय पर पावरलूम में मजदूरी करता था। रोज की तरह गुरुवार को भी वह घर से सुबह मुख्यालय काम पर गया था परंतु घर नहीं लौटा। इस बीच परेशान स्वजन यहां-वहां उसका पता लगाते रहे परंतु कहीं पता नहीं चला। कहीं उसका पता नहीं चलने पर स्वजन रविवार को ही ग्राम प्रधान पति संजय यादव को लेकर एफआइआर दर्ज कराने जाने वाले थे। उसकी पत्नी की लगभग 20 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उस एक लड़का है और दो लड़कियों की शादी हो चुकी है।