बकरी के लिए तोड़ी पत्ती खा गई गाय, मारपीट में आठ घायल
पीपल की पत्ती तोड़ने पर मारपीट आठ घायल
जागरण संवाददाता, रतनपुरा (मऊ) : एक पक्ष द्वारा बकरी के लिए तोड़ी गई पत्ती दूसरे पक्ष की गाय ने खा ली। बस, क्या था, दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जमकर लाठी-डंडे चले, और आठ लहूलुहान हो गए। इसमें एक वृद्ध ढोंढ़ा राम की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, परंतु चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना हलधरपुर थानाक्षेत्र के मुहवा विजयगढ़ गांव में सोमवार की देर शाम हुई।
दरअसल, उस पीपल के पेड़ को लेकर दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद चल रहा था। एक पक्ष के बालचंद राम अपनी बकरियों को खिलाने के लिए पीपल के पेड़ से पत्ते तोड़ रहे थे। वहीं बगल में दूसरे पक्ष के ढोंढ़ा राम अपनी गायों को चरा रहे थे। उनकी एक गाय ने पीपल के कुछ पत्तियों को खा लिया। इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर कर घर भेज दिया। दोनों घर पहुंचे और जानकारी परिजनों को दी। फिर तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठियां चलने लगीं। इसमें एक पक्ष के 60 वर्षीय ढोंढ़ा पुत्र सुदामा, 50 वर्षीय रंभा पत्नी ढोंढ़ा, 24 वर्षीय रोशन कुमार पुत्र उमेश राम, 45 वर्षीय रीता देवी पत्नी उमेश राम, 17 वर्षीय साधना पुत्री उमेश राम, 14 वर्षीय सोनम पुत्री राजेश राम तथा दूसरे पक्ष से 39 वर्षीय बालचंद्र पुत्र रामचंद्र, 25 वर्षीय नंदलाल पुत्र रामशरण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले गई।