चचेरे भाई-भतीजों ने ही फावड़े से काट डाला, पत्नी गंभीर
जागरण संवाददाता मधुबन (मऊ) थाना क्षेत्र के भैरोपुर में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को ले
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : थाना क्षेत्र के भैरोपुर में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर चचेरे भाइयों ने फावड़ा से प्रहार कर अपने 50 वर्षीय चचेरे भाई भूपेंद्र सिंह को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना में मृतक की पत्नी अनीता सिंह भी गंभीर रूप से घायल हैं। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में मृतक के पुत्र युवराज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सुशील घुले, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह ने आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ ही मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया।
शुक्रवार की सुबह कामता के पुत्र 50 वर्षीय भूपेंद्र सिंह अपनी आटा चक्की से घर पहुंचे। यहां परिवार की विवादित भूमि को लेकर उनके चचेरे भाई गोपाल सिंह के लड़के आनंद से विवाद होने लगा। देखते ही देखते आरोपित पक्ष मारपीट करने लगा। इसी दौरान आनंद व उसके साथ अन्य लोगों ने फावड़े से प्रहार करके पति-पत्नी को लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे। जब तक घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव पर पहुंचते कि भूपेंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी। इसको लेकर स्थानीय लोगों में जहां आक्रोश व्याप्त हैं वहीं सभी लोग हतप्रभ रह गए। इधर मृतक के पत्नी की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वीभत्स घटना से तत्काल हरकत में आई पुलिस ने मुख्य आरोपित आनंद को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।