20 अक्टूबर से बनेगा प्रमाण पत्र, आश्वासन पर धरना समाप्त
अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा ने कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे धरना को
जागरण संवाददाता, मऊ : अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा ने कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे धरना को सोमवार की देर रात अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, कोतवाल के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी तथा समस्त तहसीलदार गण एवं अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा के पदाधिकारियों के बीच बैठकर शासनादेश एवं गोड जाति के जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही समस्याओं का 20 अक्टूबर को हल निकाल लिया जाएगा।
एक सप्ताह के अंदर गोंड जाति का अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र बनने लगेगा। वहीं अखिल भारत वर्षीय गोड महासभा के जिलाध्यक्ष फौजी किशनलाल गोंड, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुंवर गोंड, रमाकांत गोंड, महामंत्री एडवोकेट केदारनाथ गोड आदि नेताओं ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों का सम्मान करते हुए धरना खत्म किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों दी गई अवधि में जाति प्रमाण पत्र नहीं बना तो 25 अक्टूबर से धरना, प्रदर्शन, चक्का जाम किया जाएगा। पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।