मऊ में अवैध कब्जा करने पर पीसीएस अधिकारी के पिता सहित 21 पर केस दर्ज
मऊ में पीसीएस अधिकारी विपिन मिश्रा के पिता देवेंद्र कुमार मिश्र और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ अवैध कब्जा, तोड़फोड़ ...और पढ़ें

मऊ में पीसीएस अधिकारी के पिता पर अवैध कब्जा और तोड़फोड़ का केस दर्ज।
HighLights
पीसीएस अधिकारी के पिता पर अवैध कब्जे का आरोप।
राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज।
पीड़िता अर्चना पांडेय की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मऊ। शहर कोतवाली के सहादतपुरा निवासी अर्चना पांडेय की शिकायत व विधान परिषद सद्भाव समिति की संस्तुति पर पुलिस ने रविवार की रात पीसीएस अधिकारी विपिन मिश्रा के पिता देवेंद्र कुमार मिश्र सहित 20 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
आरोप लगाया कि पीसीएस अधिकारी के दबाव में आकर अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ की और उनके कब्जे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा दिलवाया। डीएम और एसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अर्चना ने समिति के समक्ष प्रार्थना पत्र सौंपकर प्रशासनिक लापरवाही और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए और कार्रवाई करते हुए स्वजन के लिए पुलिस सुरक्षा देने की मांग की।
प्राथमिकी के अनुसार अर्चना पांडेय का परिवार पिछले 50 वर्षों से सहादतपुरा स्थित पशु अस्पताल के पीछे अपने आवास में निवास कर रहा है। बीते 01 जून की दोपहर लगभग डेढ़ बजे देवेंद्र प्रसाद मिश्र 15-20 अज्ञात लोगों के साथ हथियारों, लोहे की राड, हथौड़ों और फावड़ों से लैस होकर उनके घर पहुंचे।
इन लोगों ने घर की चहारदीवारी और मुख्य द्वार को क्षतिग्रस्त कर अंदर घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर उनके और पति के साथ मारपीट की और पति के हाथ से सोने की ब्रेसलेट छीन लिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि देवेंद्र कुमार मिश्र ने जिस जमीन पर कब्जा किया है वह नान जेड-ए श्रेणी की ज़मीन है, जिसे बिना कब्जे के हस्तांतरित नहीं किया जा सकता। मात्र 3 लाख रुपये देकर 30 लाख रुपये की मालियत दिखाकर जमीन की अवैध तरीके से लिखा पढ़ी कराई गई है। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
