जमीनी विवाद में चले ईंट-पत्थर, लगाया जाम
शहर के दक्षिण टोला अंतर्गत हकीकतपुरा में शनिवार को दो पक्षों के बीच चले आ रहे जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते मामला मारपीट पर आ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे आजिज आकर दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी करने वाले पक्ष पर कार्रवाई की मांग करते हुए मऊ आजमगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम हटवाया।
जागरण संवाददाता, मऊ : शहर के दक्षिणटोला अंतर्गत हकीकतपुरा में शनिवार को दो पक्षों के बीच चले आ रहे जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे आजिज आकर दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी करने वाले पक्ष पर कार्रवाई की मांग करते हुए मऊ आजमगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम हटवाया।
रिहायशी जमीन को लेकर हकीकतपुरा की शारदा देवी के परिवार और जवाहर के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर अक्सर दोनों परिवारों के बीच कहा सुनी हुआ करती थी। एक दिन पूर्व दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों का चालान भी किया था। मुचलका भरकर छूटे दूसरे पक्ष के लोगों ने धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने चेतावनी भी दिया था। इसी बीच शनिवार को कहासुनी के बाद मामला मारपीट और पत्थरबाजी पर उतर गया। इस बीच शारदा देवी ने इसकी सूचना दक्षिणटोला थाने में दी और जवाहर व उनके पुत्रों सहित 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आजमगढ़-मऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। शारदा देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक पक्ष से जवाहर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जाम लगा कर बैठे लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया।