इनामिया बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे
माफिया विधायक मुख्तार अंसारी के आपराधिक और आर्थिक संजाल को तोड़ने के लिए शासन के इशारे पर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गैंग के गुर्गों को एक-एक कर पुलिस ढूंढ रही है और उन्हें गिरफ्तार कर जेल की सीखंचों के पीछे भेजा जा रहा है।
जागरण संवाददाता, मऊ : माफिया विधायक मुख्तार अंसारी के आपराधिक और आर्थिक संजाल को तोड़ने के लिए शासन के इशारे पर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गैंग के गुर्गों को एक-एक कर पुलिस ढूंढ रही है और उन्हें गिरफ्तार कर जेल की सीखचों के पीछे भेजा जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस ने विधायक के अवैध वसूली गैंग के एक और गुर्गे को धर दबोचा और संबंधित धाराओं में उसका चालान कर दिया। पकड़ा गया गुर्गा गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में पुरस्कार घोषित/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जनपद से आपराधिक गिरोहों का खात्मा पुलिस का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के क्रम में थाना सरायलखंसी पुलिस को उस समय अहम सफलता हाथ लगी जब गुरुवार को जरिये मुखबिर उसे खबर मिली कि धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक 25 हजार का इनामी शहर में मौजूद है। पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाते हुए उसे धर दबोचा। पकड़े गए बदमाश का नाम व पता उन्होंने सुरेश सिंह निवासी भीटी थाना कोतवाली बताया। जानकारी दी कि बीते 31 मई को थाना सरायलखंसी में यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमर दर्ज किया गया था। इसमे मुख्य गैंग लीडर सऊद अब्बासी के साथ सुरेश सिंह व धीरज राय समेत कुल 13 अभियुक्त थे। उनमें से कुल 11 अभियुक्तों पर 25000-25000 का इनाम घोषित किया गया था। इनमें से अब तक 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।