गोवर्धन पूजा स्थल पर 40 वर्षो के विवाद का हुआ पटाक्षेप
जागरण संवाददाता कोपागंज पूराघाट (मऊ) कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौराडोरीपुर म
जागरण संवाददाता, कोपागंज, पूराघाट (मऊ) : कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौराडोरीपुर में वर्षों से विवादित गोवर्धन पूजा का विवाद थानाध्यक्ष कोपागंज और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के अथक प्रयास से हल कर लिया गया है। वर्षों से इस विवाद के चलते पुलिस को गोवर्धन पूजा संपन्न कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। अब यह विवाद हल होने से पुलिस प्रशासन को राहत की सांस मिली है, वहीं ग्रामीण भी खुश नजर आए।
इटौरा डोरीपुर ग्रामसभा में गोवर्धन पूजा को लेकर श्रीराम और कंचन साहनी के बीच 40 वर्ष से विवाद चल रहा था। कंचन सहित ग्रामीणों का कहना था कि यहां एक ओर डीह का स्थान था, जिसे हटा दिया गया है। यहीं पर वर्षो से पूजा चली आ रही है। वहीं श्रीराम का कहना था कि यह मेरी जमीन है, यहां पर पूजा नहीं होनी चाहिए। यही विवाद न्यायालय में चला गया और 40 वर्षों से मुकदमा चल रहा था। गोवर्धन पूजा के समय पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया जाता था। हालांकि जिले के राजस्व कर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने कई बार इस मामले को हल कराने की कोशिश किया लेकिन मामला हल नहीं हुआ। थानाध्यक्ष हरिराम मौर्या और प्रधान प्रतिनिधि गोविद राजभर ने दोनों पक्षों से लगातार वार्ता करते हुए दोनों को समझौता करने पर राजी कर लिया। समझौता के तहत अब गांव वाले श्रीराम के दरवाजे के सामने गोवर्धन पूजा नहीं करेंगे, बल्कि गांव में ही स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में गोवर्धन पूजा संपन्न होगर। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।