37 जोड़ों ने साथ-साथ शुरू की नई जिदगानी
37 जोड़ों ने शुरू की साथ-साथ नई जिदगानी
जागरण संवाददाता, कोपागंज (मऊ) : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में शनिवार को बापू इंटर कालेज के पास खेल मैदान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इस समारोह में सैंतीस जोड़े एक दूसरे के गले में वरमाला डालकर सुख-दुख में साथ जीने-मरने की सौगंध लेते हुए विवाह के परिणय सूत्र में बंधे। 37 जोड़ों के विवाह के साक्षी बने क्षेत्रीय विधायक विजय राजभर व जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी। इनमें दो मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में समाज कल्याण अधिकारी विनोद यादव, जिला विकास अधिकारी विजयशंकर राय, खंड विकास के अधिकारी कर्मचारी समेत काफी संख्या संभ्रांत लोगों का सहयोग था। विवाह में नवविवाहित जोड़ों के नात रिश्तेदार शामिल थे। सभी ने विवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। विद्वान पंडितों ने विवाह मंडप में पूरे विधि-विधान से मंत्र पढ़े। विवाहित जोड़ों को संकल्प दिलाया कि वे एक दूसरे के सुख-दुख समझेंगे और जीवन में कोई भी मुसीबत आए तो एक साथ झेलेंगे।
अपने संबोधन में विधायक विजय राजभर ने कहा कि गरीब लड़कियों की पढ़ाई व उनकी शादी के लिए के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार उनके साथ खड़ी है। सामूहिक विवाह समारोह के दौरान सैंतीस नवविवाहित जोड़ों में दो जोड़े मुस्लिम धर्म के भी शामिल रहे जिनका विवाह मंडप में ही मस्जिद के मौलवी द्वारा इस्लाम धर्म के मुताबिक निकाह कुबूल कराया गया।
-
सेल्फी लेने की मची रही होड़
भव्य सामूहिक विवाह समारोह के दौरान नए परिधानों में सजे नवविवाहित जोड़े जहां लोगों को आकर्षित कर रहे थे, वहीं उनके नाते रिश्तेदारों में नवविवाहित जोड़ों के साथ सेल्फी लेने की भी खूब होड़ मची रही। सामूहिक विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों व नाते रिश्तेदारों को जलपान व भोजन के बाद विदा किया गया। विवाहित जोड़ों की विदाई के दौरान वधू पक्ष में कुछ देर तक भावुक पल भी रहा।
-
उपहार में दिए गए बर्तन और गहने-कपड़े
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सभी नवविवाहित जोड़ों को बर्तन दुल्हा-दुल्हन को अन्य बर्तन, गहने व कपड़े इत्यादि सामान भी प्रदान किए गए। अपने संबोधन के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि योजना के तहत वधू को मिलने वाली पैंतीस हजार रुपए की धनराशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। सामूहिक विवाह समारोह दौरान बीडीओ कुलदीप कुमार, एसडीओ पंचायत शीतकुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक जायसवाल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि जयप्रकाश कनौजिया, ग्राम विकास अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विवेकानंद गुप्ता, भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश राजभर, मनोज जायसवाल, भारत भीम चौहान, ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह, राम अवतार भारती, रविशंकर साहू, रामकृष्ण भारद्वाज, डा.वीरेंद्र गुप्ता, राजेश यादव आदि थे।