यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, होंडा सिटी कार जलकर खाक; दिल्ली के युवक की मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 108 के पास एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग बोलेरो ...और पढ़ें
HighLights
होंडा सिटी कार ने पेट्रोलिंग बोलेरो को पीछे से टक्कर मारी।
टक्कर के बाद कार में भीषण आग, जलकर खाक।
संवाद सूत्र, राया (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम पौने पांच बजे माइल स्टोन संख्या 108 के पास तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने पेट्रोलिंग कर रही टोल प्लाजा की बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग से जा टकराई। हादसे के बाद कार में आग लग गई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार सवार युवक और युवती को बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों के साथ बोलेरो सवार सिपाही व चालक को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने दिल्ली के युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं नोएडा की युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। आग से होंडा सिटी कार जलकर खाक हो गई है।
दिल्ली के राजौरी गार्डन निवासी राघव नोएडा की रहने वाली प्रतिभा शर्मा के साथ होंडा सिटी कार से आगरा की ओर जा रहे थे। राया क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर गांव राजकीय कृषि फार्म पर माइल स्टोन 108 के समीप मांट टोल प्लाजा की बोलेरो गश्त पर थी। इसमें प्राइवेट चालक प्रताप शर्मा और सिपाही अनिल कुमार तैनात थे। राया क्षेत्र में पहुंचते ही तेज रफ्तार होंडा सिटी कार का अगला टायर अचानक फट गया।
इससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन से फिसलते हुए तीसरी लेन में चल रही बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग से जा टकराई। टकराने के बाद कार के बोनट से आग की लपटे निकलने लगी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे राघव और प्रतिभा शर्मा को बाहर निकाल लिया।
इसके बाद आग ने कार को पूरी तरह से चपेट में ले लिया। इधर बोलेरो में सवार सिपाही अनिल कुमार और चालक भी गंभीर घायल हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने राघव को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रतिभा की भी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करके यातायात सुचारू कराया। सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि होश नहीं आने के कारण युवती से पूछताछ नहीं हो सकी है। होंडा सिटी कार जलकर खाक हो चुकी है। आधार कार्ड से मृतक की पहचान करके स्वजन को सूचना दी जा रही है।
