मां गोदाम्मा के विवाहोत्सव में पहनाया गया भात
विधिविधान पूर्वक शादी समारोह की रस्मों में शामिल भात की रस्म निभाई
संवाद सहयोगी, वृंदावन: रंगनाथ मंदिर में चल रहे ठाकुरजी के विवाह महोत्सव में मंगलवार को पुजारी मां गोदाम्मा के मामा बन भात पहनाने के लिए बारहदरी में पहुंचे। यहां विधिविधान पूर्वक शादी समारोह की रस्मों में शामिल भात की रस्म निभाई।
दक्षिण भारतीय परंपरा के रंगनाथ मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय विवाहोत्सव के चौथे दिन भात दिया गया। इसमें फल, मेवा, श्रंगार का सामान, वस्त्र अर्पित किए। चांदी की पालकी में विराजमान मां गोदाम्मा की सवारी परंपरागत वाद्य यंत्रों की मधुर धुन और वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा उच्चरित वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य मंदिर प्रांगण पहुंची। जहां बारहदरी स्थित मंडप में उन्हें सबसे पहले झूला झुलाया गया। इसके बाद परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिर के स्वामी गोवर्धन पीठाधीश्वर गोवर्धन रंगाचार्य महाराज की ओर से भात दिया गया। गोपालजी मंदिर से मुख्य मंदिर के सेवायत फल, मेवा, मिठाई, वस्त्र, श्रंगार आदि लेकर मंडप में पहुंचे, जहां मां गोदाम्मा को भात अर्पित किया गया। रघुनाथ स्वामी, यतिराज स्वामी, राजू स्वामी, चौवी स्वामी, रंगा स्वामी, माल्दा गोवर्धन, तिरुपति, कन्हैया समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
संत समागम में विष्णु स्वामी अखाड़ा बसाएगा आचार्य नगर
वृंदावन: स्वामी बल्ल्भाचार्य महाप्रभु संप्रदाय के वैष्णव आचार्य सोमयाजी षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी बल्लभ महाराज मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। यहां दावानल कुंड स्थित गोकुलधाम में पहुंचे गोस्वामी बल्लभजी महाराज का भक्तों ने स्वागत किया। गोस्वामी बल्लभ महाराज ने बताया संत समागम में विष्णु स्वामी अखाड़े की ओर से आचार्य नगर बसाया जाएगा।
दावानल कुंड स्थित गोकुलधाम में मंगलवार को पहुंचे जगतगुरु विष्णु स्वामी बल्लभाचार्य महाप्रभु संप्रदाय के वैष्णव आचार्य सोमयाजी षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी बल्लभ महाराज का पूजन-अर्चन भागवताचार्य श्यामसुंदर गोस्वामी, ब्रज भूमि कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहारीलाल वशिष्ठ, अभा ब्राह्मण महासभा के नगर अध्यक्ष आचार्य रामविलास चतुर्वेदी ने किया। आचार्य बल्लभ महाराज कुंभ मेला क्षेत्र में अपने भूमि आवंटन के संबंध में संत समागम क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा अनी अखाड़े में विष्णु स्वामी अखाड़े के द्वारा श्रीआचार्य नगर बसाया जाएगा। इसमें अनेकों विभिन्न कार्यक्रम विभिन्न प्रांतों से आने वाले भक्तों के लिए आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में यमुना पूजन, महारास लीला, छप्पन भोग, चौरासी कोस यात्रा, महाप्रभुजी की बैठक पर पूजन-अर्चन किया जाएगा। जुगल किशोर गोस्वामी, जितेंद्र कुमार शास्त्री, नंदन गोस्वामी, रामकिशन, अजय दीक्षित मौजूद रहे।