शनिदेव से सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
जेएनएन मथुरा शनिदेव महोत्सव शुक्रवार को मनाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से शनि महाराज की पूजा-अर्चना की। शनिदेव से परिवार में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। शनि महाराज का अभिषेक किया। कोरोना वायरस से मुक्ति दिलाने को प्रार्थना की गई। लॉकडाउन के कारण श्रद्धालुओं ने घर पर ही पूजा-अर्चना की। मथुरा कोसीकलां वृंदावन गोवर्धन में श्रद्धालुओं ने शनिदेव की पूजा की।
जेएनएन, मथुरा : शनिदेव महोत्सव शुक्रवार को मनाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से शनि महाराज की पूजा-अर्चना की। शनिदेव से परिवार में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। शनि महाराज का अभिषेक किया। कोरोना वायरस से मुक्ति दिलाने को प्रार्थना की गई। लॉकडाउन के कारण श्रद्धालुओं ने घर पर ही पूजा-अर्चना की। मथुरा, कोसीकलां, वृंदावन, गोवर्धन में श्रद्धालुओं ने शनिदेव की पूजा की।
प्राचीन मंदिर ठाकुर श्रीकेशव देव महाराज में ठाकुरजी का यमुना जल, गुलाब जल से श्यामाचरण गोस्वामी, बिहारीलाल गोस्वामी, जगदीश गोस्वामी, मुन्नीलाल गोस्वामी ने अभिषेक किया। ठाकुरजी को ठंडक के लिए खस खुशबू प्रदान की गई। ठाकुरजी को नई पोशाक धारण कराकर श्रृंगार किया गया। प्रबंध कमेटी अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा, महेश गोयल, प्रवक्ता नारायण प्रसाद शर्मा, महेश ने आरती उतारी। लॉकडाउन के चलते भजन संध्या का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। श्री शिव शनि मंदिर भरतपुर रोड मुड़ेसी में महंत स्वामी विजयानंद सरस्वती ने महामृत्युंजय का जाप, अखंड कीर्तन, भगवान शनिदेव का तेल से रुद्राभिषेक किया। कोरोना से लड़ रहे लोगों के स्वस्थ होने की प्रार्थना की। शाम को भगवान शनिदेव का श्रृंगार किया गया। जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। धर्मेंद्र गर्ग, मुकेश शर्मा, जयप्रकाश स्वामी, नानक गिरी मौजूद रहे।
कोसीकलां में शनिदेव धाम कोकिलावन में देर रात महंत प्रेमदास महाराज ने अभिषेक किया। उन्होंने विश्व कल्याण के लिए घरों में रहना आवश्यक बताया। श्रद्धालुओं से घरों में रहकर ही शनिदेव महाराज की पूजा-अर्चना करने का आह्वान किया। लॉकडाउन के कारण मंदिर पर श्रद्धालु नहीं पहुंच सके। मंदिर पर भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर जाने वाले रास्तों पर जवान तैनात किए गए। ऑनलाइन पूजा के विज्ञापन पर विवाद
कोसीकलां : शनिदेव धाम कोकिलावन में ऑनलाइन पूजा के विज्ञापन को लेकर विवाद हो गया। जिसमें माई ज्योतिष डॉट कॉम द्वारा ई-पूजा के लिए विज्ञापन दिया था। यह विज्ञापन एनसीआर और मेरठ की ओर दिया गया। विज्ञापन में दो हजार की फीस पर ऑनलाइन तेलाभिषेक व पूजा कराने की बात कही गई है। कोकिलावन के महंत प्रेमदास महाराज ने इस विज्ञापन की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद भ्रामक है। विज्ञापन में संपर्क के लिए नंबर भी दिया गया है। हालांकि यह विज्ञापन किसने दिया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।