मथुरा में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद, आज होगा फैसला
लॉकडाउन-4 में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने के संकेत ने जगाईं उम्मीदें दुकानदारों ने की तैयारी फिक्रमंद प्रदेश सरकार की गाइड लाइन का इंतजार कर रहा जिला प्रशासन तहसील क्षेत्र में रियायतों के बाद जिला मुख्यालय को राहत संभव
जागरण संवाददाता, मथुरा : लॉकडाउन चार में क्या-क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा, इसे लेकर अभी तक फैसला नहीं हो सका है। जिला प्रशासन प्रदेश सरकार की गाइड लाइन का इंतजार कर रहा है। मंगलवार को इस पर फैसला होने की उम्मीद की जा रही है। 31 मई तक बढ़ाए गए लॉकडाउन के दौरान काफी कुछ राहत मिलने के संकेतों ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
लॉकडाउन एक और दो में जिले में सारी गतिविधियां बंद थीं। चार मई से 17 मई तक शुरू हुए लॉकडाउन तीन में नगर पंचायत, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत की कुछ दुकानें खोली गईं, तो उद्योगों को भी अनुमति दी गई। 17 को खत्म हुए लॉकडाउन तीन के बाद 31 मई तक लॉकडाउन चार का ऐलान हो गया है। केंद्र सरकार ने आर्थिक गतिविधियां शुरू करने के संकेत दिए हैं। केंद्र सरकार के फैसले के बाद अब लोगों की उम्मीद प्रदेश सरकार पर टिकी हैं। जिला रेड जोन में है। ऐसे में अभी तक जिला प्रशासन ने ये तय नहीं किया है कि क्या खुला रहेगा और क्या बंद। जिला प्रशासन को प्रदेश सरकार की नई गाइड लाइन का इंतजार है। ऐसे में मंगलवार को सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन इस पर फैसला लेगा। वर्जन -
जिले में लॉकडाउन चार में क्या रियायत दी जाएंगी। इसके लिए प्रदेश सरकार की गाइड लाइन का इंतजार किया जा रहा है। नई गाइड लाइन के अनुसार ही फैसला लिया जाएगा।
-सर्वज्ञराम मिश्रा, डीएम।
जिले में आठ हॉटस्पॉट
24 मार्च की रात से शुरू हुए पहले लॉकडाउन के बाद से लगातार कान्हा की नगरी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में शहर की सारी गतिविधियां बंद हो गईं और होम डिलीवरी तेज हुई। अभी जिले में आठ हॉटस्पॉट हैं। यहां जरूरी सामान की होम डिलीवरी की जा रही है। वहीं अन्य स्थानों पर भी होम डिलीवरी पर ही जोर दिया जा रहा है। मेडिकल स्टोर छोड़कर बाकी दुकानें बंद हैं।
ऐसे बढ़े मरीज
पहला लॉकडाउन
25 मार्च से 14 अप्रैल- 5
दूसरा लॉकडाउन
15 अप्रैल से 3 मई -24
तीसरा लॉकडाउन
4 मई से 17 मई- 21