विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: चार बच्चों की मौत, आवासीय नक्शे पर चल रहा था गुरुकुल; गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

By Vipin Parashar Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 07 Oct 2026 07:40 PM (IST)

वृंदावन के महर्षि पाणिनि गुरुकुल में टैंक सफाई के दौरान जहरीली गैस से चार छात्रों की मौत हो गई। जांच ...और पढ़ें

महर्षि पाणिनि गुरुकुल।

महर्षि पाणिनि गुरुकुल।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि गुरुकुल में टैंक सफाई को उतरे चार छात्रों की जान लाचार सिस्टम ने छीन ली। चार छात्रों की मृत्यु के बाद प्रशासन जागा। जांच कराई तो चौंकाने वाला सच सामने आया। बिना मान्यता आवासीय भवन में गुरुकुल चल रहा था और जिम्मेदार आंखें मूदे थे। बुधवार को यहां रह रहे छात्रों को पुलिस वैरिफिकेशन के बाद स्वजन बुलाकर उनके सिपुर्द कर दिया गया।

गुरुकुल संचालक को गिरफ्तार करने के बाद गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। महर्षि पाणिनि गुरुकुल मंगलवार रात दस बजे पानी के भूमिगत टैंक की सफाई करने उतरे चार छात्रों मेरठ के मवाना हस्तिनापुर निवासी विशु शर्मा, मध्य प्रदेश के विदिशा मरखेड़ा निवासी देवांश, जबलपुर के एनटीपीसी गाटरपाड़ा निवासी मनु कटारा, कौशांबी के उमरावा निवासी आर्यन पांडेय की जहरीली गैस की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।

एक छात्र रुद्राक्ष को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद चौंकाने वाला सच सामने आया। बिना मान्यता के ही यहां पर गुरुकुल का संचालन किया जा रहा था। 120 वर्गगज भूमि पर चार मंजिला मकान में 86 बच्चे रह रहे थे। एक कमरे में 15 छात्र रहते थे। इन्हीं से टैंकों की सफाई कराई जाती थी।

इन बच्चों का अन्य संस्कृति विद्यालयों में पांचवी से 12वीं और स्नातक में गुरुकुल संचालक ने दाखिला कराया था। ज्योतिष और कर्मकांड की पढ़ाई संचालक इसी गुरुकुल में कराता था। पुलिस मृतक छात्र विशु शर्मा के पिता मोहित की शिकायत पर मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर निवासी संचालक आशीष शर्मा के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सुबह पुलिस ने बाकी बचे छात्रों के अभिभावकों से फोन पर संपर्क किया, उनके आने पर छात्रों को सिपुर्द कर दिया। डीएम सीपी सिंह ने पूरे मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र को दी है। 15 दिन में वह अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। डीएम ने बताया कि जितने भी इस तरह के गुरुकुल या अन्य विद्यालय चल रहे हैं, वह मान्यता कराएं और व्यवस्था ठीक कराएं, जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।