विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वृंदावन के बाल गृह से भागी किशोरी, मुकदमा दर्ज; लड़की की हत्या से आया था सुर्खियों में

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 10 Sep 2026 11:25 AM (IST)

वृंदावन के बाल गृह से एक किशोरी गैस सिलिंडर डिलीवरी के दौरान दरवाजा खुला रहने का फायदा उठाकर भाग निकली। ...और पढ़ें

वृंदावन का राजकीय बालिका गृह।

वृंदावन का राजकीय बालिका गृह।

HighLights

  1. सिलिंडर डिलीवरी के दौरान खुला दरवाजा फायदा बना।

  2. पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। वृंदावन के बाल गृह (बालिका) से एक किशोरी के भागने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि बुधवार को दोपहर एक युवक यहां सिलिंडर लेकर आया था। वह सिलिंडर लेकर अंदर चला गया और दरवाजा खुला रह गया। इसी का फायदा उठाकर किशोरी वहां से भाग निकली।

सूचना मिलते ही वहां हड़कंप मच गया और हर जगह किशोरी की तलाश की गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। सीओ वृंदावन संदीप कुमार के मुताबिक औरैया के दिवियापुर थानांतर्गत कांकोर निवासी किशोरी किसी लड़के के साथ अपने घर से चली गई थी। इसके बाद वह इसी साल 15 जनवरी को मथुरा में मिल गई।

इस पर शहर कोतवाली पुलिस ने किशोरी को वृंदावन के बालिका गृह में भेज दिया। एक महीने पहले किशोरी के स्वजन के बारे में जानकारी होने पर उनसे संपर्क किया गया तो वह उसे ले जाने के लिए तैयार हो गए। फिलहाल किशोरी को यहां से औरेया भेजने की तैयारियां की जा रही थीं।

इसी बीच बुधवार को बाल गृह में गैस एजेंसी से एक युवक सिलिंडर लेकर पहुंचा। उसे प्रवेश देने के बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी गेट बंद करना भूल गया। इसी का फायदा उठाकर किशोरी वहां से दोपहर करीब तीन बजे निकल गई। बालगृह की कर्मचारी लक्ष्मी द्वारा शाम करीब सात बजे पुलिस को इस मामले से अवगत कराया गया

इसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं हैं। आसपास के संभावित स्थानों पर भी उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, औरैया की पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है।

इस मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पिछले महीने इसी बाल गृह में साथ रह रहीं लड़कियों ने एक लड़की की हत्या कर दी थी।