वृंदावन में दिल्ली के ज्वेलर्स से बड़ी ठगी, एक करोड़ से अधिक के जेवर हड़पे; FIR
दिल्ली के एक ज्वेलर्स को वृंदावन में एक करोड़ से अधिक के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
वृंदावन में बुलाकर जेवर हड़पे, मारपीट भी की।
मथुरा के पिता-पुत्र व बहू पर FIR दर्ज।
संवाद सहयोगी, वृंदावन। दिल्ली के ज्वेलर्स से एक करोड़ से अधिक कीमत के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि वृंदावन निवासी पिता-पुत्र और बहू ने उसे जेवर दिखाने के बहाने बुलाया था। लेकिन जेवर लेने के बाद आरोपितों ने वापस करने से इंकार कर दिया। जब उसने आरोपितों के घर जाकर अपने जेवर मांगे तो उसकी मारपीट कर भगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
संजय कुमार पुत्र महेश चन्द्र निवासी ए-2, हौज खास नई दिल्ली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिल्ली में ही उसकी रिजेन्सी ज्वैलर्स के नाम से फर्म है। व्यापार के सिलसिले में अनेक व्यापारियों से परिचय होता रहता है।
इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2023 को मथुरा स्थित मिशिका जेम्स एंड ज्वैत्स के मालिक वंशीधर अग्रवाल उनका पुत्र सुमित अग्रवाल, शुभम अग्रवाल व पुत्रवधु अंकिता अग्रवाल निवासीगण राधा और्चिड मसानी रोड उससे मिलने आए थे। इसके बाद यह लोग आए दिन फर्म पर आने लगे और इनसे अच्छी जान-पहचान हो गई।
एक अप्रैल 2024 को वंशीधर, सुमित, शुभम व अंकिता ने करीब आठ लाख रुपए कीमत का एक पन्ने का ब्रौच, करीब तीस लाख रुपए कीमत की पन्ना व डायमंड की ज्वेलरी तथा करीब साढ़े सात लाख रुपए कीमत का एक दो कैरेट का हीरा यह कहकर लिए कि वह अपने व्यापार के लिए इसी प्रकार के जेवरात बनवाएंगे। इसके बाद पांच अप्रैल 2024 को इन लोगों ने दिल्ली के ज्वेलर्स को बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन भी बुलाया।
साथ ही अन्य लोगों को दिखाने के लिए कुछ जेवरात भी मंगाए। पीड़ित के मुताबिक वह करीब 48 लाख 27 हजार रुपए कीमत का पांच कैरेट का एक हीरा, 18 लाख रुपए कीमत का एक सेट पन्ना व हीरा भी लेकर आया, जो अन्य व्यापारियों को दिखाने के लिए इन लोगों को दे दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी उन लोगों ने वह जेवरात नहीं लौटाए।
पीड़ित के मुताबिक उसने बार-बार इनसे तकादा भी किया, लेकिन यह चारों लोग टालमटोल करते रहे। वहीं जब उसने मथुरा आकर इनके बारे में जानकारी की तो पता चला कि यह लोग इसी प्रकार की धोखाधड़ी अन्य कई व्यापारियों के साथ कर चुके हैं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जानकारी मिलने के बाद 20 अप्रैल 2024 को वह अपनी पत्नी रत्ना के साथ वंशीधर के घर पहुंचा तो और एक करोड़ 12 लाख रुपए कीमत के जेवरात वापस मांगे तो चारों ने गाली गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी देकर जेवरात लौटाने से स्पष्ट इंकार कर दिया।
वृंदावन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
