सरकार की योजनाएं बजट में ही नहीं, व्यवहार में भी हों: राज्यपाल
गो संरक्षण और किसानों की दोगुनी आय पीएम का आहवान और चुनौती, वेटेरिनरी विवि में ऑडिटोरियम का किया लोकार्पण
मथुरा, जासं। राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि सरकार की योजनाएं बजट में ही नहीं, व्यवहार में भी होनी चाहिए। गो संरक्षण और किसानों की दोगुनी आय प्रधानमंत्री का आह्वान तो है ही, चुनौती भी है।
राज्यपाल मंगलवार को वेटेरिनरी विवि में ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि इस ऑडिटोरियम का उपयोग एकात्म मानववाद के प्रतिफल के रूप में हो। जिससे दीनदयाल उपाध्याय जी का नाम सार्थक हो जाए। काश, मैं भी इतने सुंदर ऑडिटोरियम वाले विश्वविद्यालय में पढ़ता।
राम नाईक ने कहा कि मैंने मुंबई में दीनदयाल उपाध्याय को सुना था। तब समय पूंजीवाद और साम्यवाद में बंटा हुआ था। उप्र से जनसंख्या में विश्व में सिर्फ अमेरिका, चीन और इंडोनेशिया बड़े हैं। सरकार की योजनाएं बजट में ही नहीं, बल्कि व्यवहार में होनी चाहिए। व्यवहार, सादगी, बातचीत, विचार जैसे कार्य होते रहने चाहिए। यूपी में गाय तो ज्यादा हैं, लेकिन हरियाणा की गाय दूध ज्यादा देती हैं।