बिजली आपूर्ति के घंटे बढ़ेंगे तो रेट भी बढ़ाना पड़ेगा: उपेंद्र
मंत्री बोले भाजपा शासन में शहर को 24 तो ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे सप्लाई जतीपुरा के शंकराचार्य आश्रम में की पूजा अर्चना
गोवर्धन(मथुरा), संसू। जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित शंकराचार्य आश्रम में गोवर्धन पुरी पीठ ओडिशा के ब्रह्मालीन शंकराचार्य स्वामी निरंजन देवतीर्थ महाराज की पुण्य स्मृति में चार दिवसीय महोत्सव चल रहा है। बुधवार को प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण व पंचायती राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी व एससी, एसटी आयोग के अध्यक्ष सांसद रमाशंकर कठेरिया यहां पहुंचे।
उन्होंने गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य अद्योक्षजानंद देव तीर्थ महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चारणों के बीच पूजा अर्चना की। राधाकुंड परिक्रमा मार्ग स्थित गोशाला में गायों की सेवा कर पुण्य कमाया। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के महानगरों में 24 घंटे बिजली मिल रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली मिल रही है। पूर्व की सरकारों में चार से पांच घंटे ही बिजली मिलती थी। आपूर्ति के घंटे बढ़ेंगे तो बिजली की दर भी बढ़ानी पड़ेगी। परमहंस राजाराम दास दिगंबर नागा बाबा, महंत रामेश्वर दास, दंडस्वामी जगदीश आश्रम, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री केके गौतम, जिला मीडिया प्रभारी नेरूकांत पांडे, रामकिशन प्रधान, ओमी ठाकुर आदि थे।